धमदाहा. मीरगंज क्षेत्र के रंगपुरा दक्षिण पंचायत स्थित 54 एकड़ जमीन विवाद को लेकर पंचायत सरकार भवन में बुधवार को प्रशासन की ओर से महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई. धमदाहा प्रखंड अंतर्गत आयोजित इस बैठक की अध्यक्षता एसडीओ अनुपम ने की. बैठक में धमदाहा सीओ कुमार रविंद्र नाथ, मीरगंज थानाध्यक्ष रोशन कुमार सिंह, राजस्व कर्मचारी सहित विवाद से जुड़े सभी पक्षों के दावेदार मौजूद रहे. जानकारी के अनुसार रंगपुरा दक्षिण पंचायत अंतर्गत करीब 54 एकड़ भूमि पर तीन पक्षों के बीच पिछले लगभग दस वर्षों से दावेदारी को लेकर विवाद चल रहा है. क्षेत्र में समय-समय पर तनाव की स्थिति उत्पन्न होने के कारण प्रशासन मामले को गंभीरता से ले रहा है. बैठक के दौरान प्रशासनिक अधिकारियों ने तीनों पक्षों की बातों को विस्तार से सुना तथा सभी पक्षों से जमीन से संबंधित आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने का निर्देश दिया. प्रशासन की ओर से कागजात जमा करने के लिए 15 दिनों का समय निर्धारित किया गया है. एसडीओ अनुपम ने कहा कि सभी पक्षों द्वारा दस्तावेज उपलब्ध कराने के बाद मामले की पुनः समीक्षा कर आगे की कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने लोगों से शांति एवं सौहार्द बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि प्रशासन निष्पक्ष तरीके से विवाद के समाधान के लिए कार्य कर रहा है, इसलिए कोई भी व्यक्ति कानून व्यवस्था को अपने हाथ में न ले.
तीन पक्षों में 54 एकड़ जमीन विवाद को लेकर प्रशासन अलर्ट, एसडीओ ने की बैठक
एसडीओ ने की बैठक
