दल में शामिल हैं 27 महिला किसान
पूर्णिया. झारखंड सरकार के उद्यान प्रभाग द्वारा संपोषित एमआईडी कार्यक्रम के अन्तर्गत प्रशिक्षण एवं अन्तर्राज्यीय परिभ्रमण कार्यक्रम के तहत झारखंड से 50 किसानों दल भोला पासवान शास्त्री कृषि महाविद्यालय पहुंचा है. किसानों के इस दल में 27 महिला किसान भी शामिल हैं. ये सभी 7 मार्च तक चलने वाले पांच दिवसीय प्रशिक्षण में भाग लेने पहुंचे हैं. इस अन्तर्राज्यीय प्रशिक्षण के प्रथम दिन कार्यक्रम का उद्घाटन महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ डीके महतो, वरीय वैज्ञानिक डॉ. रणवीर कुमार, निजी कंपनी के प्रोग्राम मैनेजर रंजीत प्रसाद सहित किसानों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया. प्राचार्य डॉ महतो ने अपने संबोधन में कहा कि झारखंड का बिहार प्रांत के साथ कई मामलों में समरूपता होने के साथ साथ खेती-किसानी में भिन्नता भी है. इस जलवायु क्षेत्र में जलीय पौध मखाना बहुतायात से खेती की जाती है और सरकार ने इसके उत्थान के लिए जी.आई. टैग प्रदत्त की है. उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण के दौरान मखाना उत्पादन के अलावा उद्यानिकी फसलों विशेषतया ड्रैगन फ्रुट्स, उच्च मूल्यवाली फसल, खाद्यान्न आदि फसलों के उत्पादन सहित व्यवहारिक ज्ञान पर विशेष ध्यान दी जाएगी. वरीय वैज्ञानिक डॉ. रणवीर कुमार ने अपने उद्बोधन में जोन-2 कृषि जलवायु क्षेत्र की विशेषता बताते हुए इस क्षेत्र में अपनाई जानेवाली विभिन्न कृषि पद्धति की चर्चा की तथा झारखंड प्रदेश से खेती पर तुलनात्मक विचार प्रस्तुत किया. प्रोग्राम मैनेजर रंजीत प्रसाद ने इस तरह के कार्यक्रम के आयोजन के लिए महाविद्यालय का आभार व्यक्त किया. कार्यक्रम के समन्वयक डॉ आशीष रंजन एवं सह-समन्वयक डॉ कंचन भामिनी ने प्रशिक्षण सह परिभ्रमण की विस्तृत रूपरेखा प्रस्तुत की. इस अवसर पर मंच का संचालन डॉ प्रीती सुन्दरम एवं धन्यवाद ज्ञापन सहायक नियंत्रक बिनोद कुमार झा ने किया. उद्घाटन सत्र में डॉ चेतना सीके, डॉ. जय प्रकाश प्रसाद, नवीन लकड़ा, श्रवण कुमार, गजेन्द्र मण्डल, चन्द्रमणि, अनुपम कुमार आदि उपस्थित थे.डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
