पूर्णिया : मतदान में अब मात्र दो दिन शेष रह गये हैं. मतदानकर्मी कल से बूथ के लिए रूख करने लगेंगे. मतदान कार्य में कुल 8 हजार 225 मतदान कर्मी लगाये गये है.
सभी मतदान दल को विधान सभा मुख्यालय से मतदान सामग्री के साथ मतदान केंद्र के लिए आज से रवाना किया जाएगा. इसके लिए जिला स्तर पर गठित सामग्री कोषांग विधान सभा वार अनुमंडल व प्रखंड मुख्यालय में वितरण के लिए थैला उपलब्ध करा दिया है. जिले के अमौर व बायसी विधान सभा किशनगंज लोक सभा अन्तर्गत आते हैं. शेष पांच विधान सभा पूर्णिया जिले के तथा कटिहार जिले के एक विधान सभा क्ष्रेत्र पूर्णिया लोक सभा के परिसिमन में आते है.
साम्रग्री कोषांग के नोडल पदाधिकारी सह वरीय उप समाहर्ता अभिराम त्रिवेदी ने बताया कि अमौर विधान सभा के लिए 300 मतदान केंद्र के लिए 323 थैला, बायसी विधान सभा के 261 मतदान केन्द के लिए 285 थैला,धमदाहा विधान सभा के 317 मतदान केंद्र के लिए 346 थैला, रूपौली विधान सभा के लिए 306 मतदान केंद्र के लिए 334 थैला, कसबा विधान सभा के लिए 274 मतदान केंद्र के लिए 296 थैला,बनमनखी के 301 मतदान केंद्र के लिए 326 थैला व पूर्णिया विधान सभा के 298 मतदान केंद्र के लिए 324 थैला प्रखंड विकास पदाधिकारी को उपलब्ध करा दिया गया है.
मतदान केंद्र पर रहेंगे बुनियादी सुविधाएं : चुनाव को महापर्व के रूप में मनाने के लिए जिला प्रशासन की ओर से मतदान के दिन सभी मतदान केंद्र पर मतदाताओं के धूप से बचाव के लिए टेंट लगाने, पानी की सुविधा के साथ बैठने की समुचित व्यवस्था मतदान केंद्र पर उपलब्ध कराने में जिला प्रशासन प्रयास रत है.
वही पीडब्लूडी कोषांग असहाय व दिव्यांग मतदाताओं को अपने घर से मतदान केंद्र तक सुरक्षित वाहन से लाने व पहुंचाने के लिए प्रयत्नशील है. दिव्यांग व असहाय मतदाताओं के लिए प्राय: मतदान केंद्र पर रैंप व व्हील चेयर रखने की सुविधा का विशेष ध्यान रखा जाएगा. विधान सभा वार समन्वयक नियुक्त किये गये है.
विधान सभा वार भेजा जायेगा मतदान दल
जिला प्रशासन के निर्देश पर मतदान दल को विधान सभा वार मतदान केंद्र तक भेजने की सुविधा 16 अप्रैल से बहाल की जाएगी.
इसके तहत अमौर, बायसी व कसबा व धमदाहा विधान सभा के मतदान दल के पीठासीन पदाधिकारी को प्रखंड कार्यालय से मतदान सामग्री के साथ मतदान केंद्र तक भेजा जायेगा. वही रूपौल विधान सभा के मतदान दल को बलदेव हाइस्कूल भवानीपुर से तथा बनमनखी विधान सभा के मतदान दल को सुमिरित उच्च विद्यालय बनमनखी से मतदान समाग्री के साथ मतदान केंद्र के लिए रवाना किया जाएगा.
पूर्णिया विधान सभा के लिए जिला स्कूल से मतदान सामग्री के साथ मतदान कर्मियों के दल को रबाना किया जाना है. इसकी पूरी तैयारी प्रशासन की ओर से की जा रही है.
196 माइक्रो ऑब्जर्वर नियुक्त
पूर्णिया लोक सभा चुनाव के मतदान के लिए 17 अप्रैल को पूर्णिया कॉलेज स्थित वज्रगृह से इवीएम पीसीसीपी को उपब्ध कराया जाएगा. जिले के सभी 854 पोलिंग कम पेट्रोलिंग पार्टी को 2057 मतदान केंद्र के लिए इवीएम उपलब्ध कराया जाएगा. जो मतदान से पूर्व सभी मतदान केंद्र पर पीठासीन पदाधिकारी को उपलब्ध करा देंगे. इसके साथ ही मतदान कार्य पर शुक्ष्म नजर रखने के लिए 196 माइक्रो ऑब्जर्वर की नियुक्त की गयी है जो सीधा अपना रिपोर्ट प्रेक्षक को करेंगे.
