पटना सिटी में गंगा स्नान के दौरान युवक डूबा, एसडीआरएफ और गोताखोर चला रहे सर्च ऑपरेशन

गंगा नदी के बढ़ते जलस्तर ने जानलेवा साबित किया. पथरी घाट पर एक युवक के डूबने की खबर से हड़कंप मच गया. SDRF और गोताखोरों की टीम ने युवक की तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है.

Patna Youth drowns in Ganga: गंगा के बढ़े जलस्तर के बीच रविवार को स्नान करने पहुंचे 30 वर्षीय युवक छोटू कुमार के डूबने की घटना सामने आयी है. हादसा आलमगंज थाना क्षेत्र के पथरी घाट पर हुआ. युवक के डूबने की खबर मिलते ही उसकी मां मालती देवी, भाई मुन्ना कुमार समेत परिवार के सदस्य घाट पर पहुंचे.

सूचना मिलते ही वार्ड 51 के पार्षद ज्योति रंजन दास उर्फ बैजू लाल दास भी मौके पर पहुंचे और पुलिस, एसडीआरएफ तथा गोताखोरों को सूचना दी. सूचना के बाद एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और गंगा में सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया.

सुबह सवा दस बजे स्नान करने पहुंचा था युवक

पार्षद ने बताया कि डूबा युवक सुल्तानगंज थाना क्षेत्र के खजूरबन्ना देवी स्थान मुहल्ले का रहने वाला है. वह रविवार की सुबह करीब सवा दस बजे गंगा स्नान के लिए पथरी घाट पहुंचा था. इसी दौरान वह हादसे का शिकार हो गया.

एसडीआरएफ के हवलदार संजय कुमार सिंह, सिपाही मंटू कुमार, सुनील कुमार और विजय खरका तथा गोताखोर आशीष कुमार गंगा में सर्च ऑपरेशन चलाकर युवक की तलाश में जुटे हैं. आलमगंज थाना पुलिस ने बताया कि डूबे युवक की तलाश में गंगा में सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है.

दो दिनों से बढ़ रहा गंगा का जलस्तर

बताया जाता है कि पिछले दो दिनों से गंगा के जलस्तर में वृद्धि हुई है. इससे गंगा स्नान करने वालों की मुश्किलें बढ़ गयी हैं. बढ़े जलस्तर के बीच घाटों पर स्नान करने के दौरान हादसे की आशंका भी बनी हुई है.

खाजेकला घाट पर भी एक व्यक्ति के डूबने की सूचना

खाजेकला थाना क्षेत्र के खाजेकला घाट पर भी स्नान के दौरान एक व्यक्ति के डूबने की सूचना पुलिस को दी गयी है. सूचना के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची. गोताखोर और एसडीआरएफ की मदद से गंगा में सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है. पुलिस का कहना है कि सूचना के आलोक में कार्रवाई की जा रही है.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By अमिताभ श्रीवास्तव

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >