दानापुर . शाहपुर थाना क्षेत्र के उसरी निवासी संजय यादव के 22 वर्षीय पुत्र सूरज कुमार को जमीन विवाद के मामले में केस नहीं उठाने पर बदमाशों ने रॉड व पिस्तौल के बट से मारपीट कर अधमरा कर दिया. इलाज के दौरान देर रात आइजीएमएस में उसकी मौत हो गयी. मृतक के पिता संजय यादव के बयान पर स्थानीय थाने में लाल बाबू राय, गजेंद्र कुमार, जितेंद्र कुमार, दिनेश राय, नरेश राय, मुन्ना राय, बिट्टू राय व अभिषेक राय समेत अज्ञात के विरुद्ध मामला दर्ज कराया है. संजय यादव ने बताया है कि युवक पेंटर था. उन्होंने बताया कि शनिवार को सुबह 10 बजे घर से मुंडेश्वरी अपार्टमेंट में काम करने के लिए निकला था. सूरज के साथ काम करने वाले मजदूरों ने शनिवार को शाम करीब 7 बजे सूचना दी कि आशोपुर आहर के पास एक चहारदीवारी के अंदर एक दर्जन से अधिक बदमाश सूरज के साथ मारपीट कर रहे हैं. जब हमलोग पहुंचे तो लाल बाबू राय, गजेंद्र कुमार, जितेंद्र कुमार, दिनेश राय, नरेश राय, मुन्ना राय, बिट्टू राय व अभिषेक राय समेत अन्य लोग रॉड, डंडा व पिस्तौल लहराते बाउंड्री फांद कर फरार हो गये. सूरज बेहोशी हालत में जमीन पर पड़ा था. सूरज के शरीर पर कई जगहों पर जख्म का निशान था और उसके कान-नाक से खून निकाल रहा था. उन्होंने बताया कि गांव के लाल बाबू राय व नरेश राय के साथ जमीनी विवाद का मामला न्यायालय में लंबित है. लाल बाबू राय व नरेश राय केस उठाने को लेकर बराबर दबाव बना रहे थे. केस नहीं उठाने पर मारपीट कर मेरे बेटे की हत्या कर दी. थानाध्यक्ष मनीष कुमार आनंद ने बताया कि शनिवार रात करीब एक बजे सूचना मिली की जमीन विवाद में एक युवक की पीट-पीट कर हत्या कर दी गयी है. मृतक के पिता ने आठ नामजद और अज्ञात के विरुद्ध मामला दर्ज कराया है. आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
