Patna Drug arrest: पालीगंज थाना पुलिस ने मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक को स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपी की पहचान खपुरा गांव निवासी सुरेश वर्मा के पुत्र दिग्यांशु आर्यन उर्फ छोटू के रूप में हुई है. पुलिस ने उसके कब्जे से 56 पुड़िया स्मैक और प्लास्टिक में रखा खुला स्मैक बरामद किया है. पुलिस के अनुसार बरामद मादक पदार्थ का कुल वजन करीब 9.21 ग्राम है. इसके अलावा स्मैक की बिक्री से प्राप्त 2,030 रुपये नकद, दो मोबाइल फोन और एक मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है.
गांव में कर रहा था स्मैक की बिक्री
पुलिस को सूचना मिली थी कि आरोपी गांव में ही स्मैक की बिक्री कर रहा है. सूचना के आधार पर पुलिस ने छापेमारी कर उसे रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया. तलाशी के दौरान उसके पास से बिक्री के लिए तैयार 56 पुड़िया स्मैक और खुला स्मैक बरामद किया गया. पुलिस ने मौके से मादक पदार्थों की बिक्री से संबंधित अन्य सामान भी जब्त कर लिया है.
आरोपी को भेजा गया न्यायिक हिरासत में
पालीगंज थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की. इसके बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि क्षेत्र में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है. नशे के कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और ऐसे मामलों में सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी.
