पटना : बाढ़ के बीच दानापुर दियारा में जंगली सुअर का आतंक, हमले में 8 साल की बच्ची की मौत, युवक जख्मी

Danapur Diara Wild boar Menace : दानापुर दियारा क्षेत्र में बाढ़ के कारण जंगली सुअर लोगों के लिए खतरा बन गए हैं. हेतनपुर गांव में जंगली सुअर के हमले में एक आठ साल की बच्ची की दर्दनाक मौत हो गई, वहीं पुरानी पानापुर में एक युवक घायल हो गया.

Danapur Diara Wild boar Menace : बाढ़ से पूरा दियारा क्षेत्र जलमग्न है और अब बाढ़ के पानी में बहकर आए जंगली सुअर ने लोगों की परेशानी और बढ़ा दी है. शनिवार की सुबह हेतनपुर और पुरानी पानापुर गांव में जंगली सुअर के हमले की दो घटनाएं सामने आयीं. हेतनपुर में सुअर के हमले में आठ वर्षीय बच्ची की मौत हो गयी, जबकि पुरानी पानापुर में एक 40 वर्षीय युवक घायल हो गया.

ननिहाल गयी बच्ची पर जंगली सुअर ने किया हमला

दाउदपुर निवासी संजय राय की आठ वर्षीय पुत्री राधा कुमारी अपने ननिहाल हेतनपुर गयी थी. परिजनों के अनुसार, बाढ़ का पानी घर में घुसा हुआ है. इसी दौरान बाढ़ के पानी में बहकर आया एक जंगली सुअर घर के आसपास पहुंच गया और बच्ची पर हमला कर दिया. हमले में बच्ची के पेट में गंभीर चोट आयी और उसकी मौत हो गयी.

एसडीआरएफ की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया

पूर्व मुखिया कन्हैया राय ने बताया कि बच्ची को एसडीआरएफ के सहयोग से पीपा पुल घाट तक लाया गया. इसके बाद उसे अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया. बच्ची की मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गयी.

शौच से लौट रहे युवक पर भी किया हमला

वहीं, पुरानी पानापुर गांव निवासी सुभाष राय के 40 वर्षीय पुत्र सुनील राय शनिवार की सुबह शौच से लौटने के बाद पशुओं को चारा देने जा रहे थे. इसी दौरान जंगली सुअर ने उन पर हमला कर दिया. हमले में उनकी छाती और जांघ में चोट लगी.

ग्रामीणों ने पहुंचकर सुअर को भगाया

सुनील राय पर हमला होते ही आसपास के लोग मौके पर जुट गये. ग्रामीणों ने किसी तरह जंगली सुअर को वहां से भगाया. इसके बाद घायल युवक का इलाज कराया गया.

शुक्रवार को भी बच्ची और महिला पर हुआ था हमला

ग्रामीणों के अनुसार, शुक्रवार को भी पुरानी पानापुर निवासी अजीत की पत्नी सुनीता देवी की पुत्री पर जंगली सुअर ने हमला किया था. बच्ची को बचाने के दौरान जंगली सुअर ने उसकी मां सुनीता देवी को भी घायल कर दिया था. इसके अलावा एक युवक के घायल होने की भी बात सामने आयी थी.

बाढ़ के बाद जंगली सुअर के आतंक से दहशत

दियारा क्षेत्र पहले से ही बाढ़ की मार झेल रहा है. कई जगहों पर बाढ़ का पानी फैला हुआ है और लोगों का जनजीवन प्रभावित है. इसी बीच लगातार जंगली सुअर के हमले की घटनाओं से बाढ़ पीड़ितों में दहशत का माहौल है. ग्रामीणों को रात में भी जागकर रहने की मजबूरी हो रही है.

ग्रामीणों ने प्रशासन से सुरक्षा की मांग की

लगातार हो रही घटनाओं के बावजूद अब तक प्रशासन की ओर से जंगली सुअर के आतंक से निपटने को लेकर उचित पहल नहीं किये जाने की बात ग्रामीणों ने कही है. दियारा के बाढ़ प्रभावित लोग जंगली सुअर के हमले को लेकर भयभीत हैं और प्रशासन से तत्काल आवश्यक कदम उठाने की मांग कर रहे हैं.

Also Read : बिहार लाइब्रेरियन भर्ती में 10 साल की आयु छूट, जानें नियम, पात्रता और परीक्षा पैटर्न

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By संजय कुमार

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >