Patna News : मसौढ़ी थाना के गेट पर शुक्रवार की देर शाम उस समय अफरा-तफरी मच गयी, जब एक विवाहिता अपने पति को दूसरी महिला के साथ पकड़कर थाने पहुंची. पति को थाना लाने के दौरान ही दोनों के बीच विवाद बढ़ गया और मारपीट होने लगी. मौके पर मौजूद लोगों ने किसी तरह दोनों को अलग कराया. विवाहिता ने थाने में लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है. फिलहाल पुलिस ने पति को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है.
तीन माह पहले हुई थी शादी, दहेज प्रताड़ना का आरोप
बताया जाता है कि जहानाबाद जिले के मखदुमपुर थाना क्षेत्र के एक गांव की युवती की शादी करीब तीन माह पहले मसौढ़ी थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक के साथ हुई थी. विवाहिता का आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग दहेज की मांग को लेकर उसे प्रताड़ित कर रहे थे. आरोप है कि उसे ससुराल में रहने भी नहीं दिया जा रहा था.
दूसरी महिला से संबंध होने का लगाया आरोप
विवाहिता को कुछ समय से अपने पति के किसी दूसरी महिला से संबंध होने का शक था. इसके बाद उसने मामले की जानकारी जुटानी शुरू की. शुक्रवार को वह मसौढ़ी पहुंची, जहां कथित तौर पर उसने अपने पति को एक महिला के साथ पकड़ लिया. बताया गया कि उक्त महिला के दो बच्चे भी हैं.
इसके बाद विवाहिता अपने पति को लेकर मसौढ़ी थाना पहुंची. इसी दौरान थाना गेट पर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गयी. देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया. मौके पर मौजूद लोगों ने हस्तक्षेप कर दोनों को अलग कराया.
पति पुलिस हिरासत में, जांच जारी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने पति को हिरासत में ले लिया. थाना पुलिस दोनों पक्षों से पूछताछ कर पूरे मामले की जांच कर रही है. वहीं, दोनों पक्षों के बीच सुलह कराने का भी प्रयास किया जा रहा है. पुलिस का कहना है कि विवाहिता के आवेदन और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
