अब पहले से कम टाइम में पहुंचेंगे बेतिया से गोरखपुर, गंडक नदी पर बनेंगे दो नए फोरलेन पुल, इसी साल शुरू होगा काम

Bihar: पश्चिमी चंपारण में गंडक नदी पर एनएच 727 के तहत दो नए फोरलेन पुलों का निर्माण इसी साल शुरू होगा. लगभग 4790 करोड़ की लागत वाले इन पुलों से बेतिया, गोरखपुर और कुशीनगर के बीच की दूरी काफी कम हो जाएगी.

Bihar: बिहार के पश्चिमी चंपारण और उत्तर प्रदेश के बीच कनेक्टिविटी को एक नया आयाम मिलने जा रहा है. केंद्र सरकार ने एनएच 727 पर गंडक नदी के ऊपर दो बड़े फोरलेन पुल बनाने का फैसला किया है. करीब 4790.65 करोड़ रुपये की इस बड़े प्रोजेक्ट की शुरुआत इसी साल होने वाली है. चूंकि यह इलाका नेपाल सीमा के बेहद करीब है, इसलिए इन पुलों को सुरक्षा के लिहाज से भी बहुत अहम माना जा रहा है.

दूरी होगी कम

इन पुलों के बन जाने से सबसे बड़ा फायदा आम जनता को समय और पैसे की बचत के रूप में होगा. पहला पुल बगहा-1 में एप्रोच रोड सहित करीब 5.58 किमी लंबा होगा. दूसरा पुल लगभग 19.50 किमी लंबा होगा, जो बगहा के मलपुलवा-एकनमरा रोड को सीधे उत्तर प्रदेश के कुशीनगर (बेलवानिया) से जोड़ देगा. इस पुल के बनते ही बेतिया से गोरखपुर की दूरी 160 किमी से घटकर सिर्फ 125 किमी रह जाएगी. इसी तरह कुशीनगर भी अब 30 किमी और नजदीक आ जाएगा.

बिहार की ताजा खबरों के लिए क्लिक करें

रोजगार के अवसर बनेंगे

मंत्रालय ने इस बड़े प्रोजेक्ट की जिम्मेदारी बीएसआरडीसीएल (BSRDCL) को सौंपी है. अधिकारियों का कहना है कि सड़क बेहतर होने से इलाके में नए उद्योग और व्यापार के अवसर खुलेंगे. इससे स्थानीय युवाओं को रोजगार मिलेगा. नेपाल से चंपारण होकर यूपी जाने वाले पर्यटकों और व्यापारियों के लिए भी अब घंटों का सफर मिनटों में सिमट जाएगा. ये दो पुल पश्चिमी चंपारण की आर्थिक स्थिति बदलने में गेम चेंजर साबित होने वाले हैं.

इसे भी पढ़ें: भागलपुर-जमालपुर के बीच 130 की रफ्तार से दौड़ेगी ट्रेन, तीसरी सुरंग का काम शुरू

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Paritosh Shahi

परितोष शाही डिजिटल माध्यम में पिछले 3 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. करियर की शुरुआत राजस्थान पत्रिका से की. अभी प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम में काम कर रहे हैं. देश और राज्य की राजनीति, सिनेमा और खेल (क्रिकेट) में रुचि रखते हैं.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >