Hajipur News(शुभम कुमार): पटना और वैशाली को जोड़ने वाले नवनिर्मित बिदुपुर सिक्स-लेन गंगा ब्रिज पर परिचालन शुरू होने की उल्टी गिनती शुरू हो गई है. निर्माण कार्य के अंतिम चरण के बीच, अब इस मेगा प्रोजेक्ट को सुरक्षा और आधुनिक यातायात प्रबंधन से लैस करने की तैयारी तेज है. गुरुवार को ट्रैफिक डीआईजी सुशांत कुमार सरोज और ट्रैफिक एसपी सागर कुमार ने पुल का विस्तृत निरीक्षण कर सुरक्षा खाका तैयार किया है.
सुरक्षा के लिए बिछेगा सीसीटीवी का जाल
ट्रैफिक डीआईजी ने पुल के भ्रमण के दौरान अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि सुरक्षा के मानकों में कोई समझौता नहीं होगा. पूरे ब्रिज को अत्याधुनिक सीसीटीवी कैमरों से कवर किया जाएगा. कैमरों का नेटवर्क इस तरह तैयार किया जाएगा कि पुल का कोई भी हिस्सा निगरानी से बाहर न हो. बहरहाल कैमरों की सटीक संख्या निर्माण पूरा होने के बाद यातायात के दबाव को देखते हुए तय की जाएगी.
दोनों छोर पर तैनात होगी ट्रैफिक पुलिस
पुल पर वाहनों के सुगम प्रवाह और दुर्घटनाओं पर नियंत्रण के लिए प्रशासन ने स्थायी व्यवस्था की है. बता दें कि सिक्सलेन के दोनों छोरों (पटना और वैशाली) पर अत्याधुनिक ट्रैफिक चेकपोस्ट बनाए जाएंगे. साथ ही इन चेकपोस्टों पर यातायात पुलिसकर्मियों की 24×7 तैनाती रहेगी. वहीं आपातकालीन स्थितियों से निपटने के लिए ब्रिज पर इमरजेंसी वाहन और त्वरित प्रतिक्रिया टीम के जवान भी तैनात रहेंगे.
तकनीकी निगरानी और साइन बोर्ड
ट्रैफिक एसपी सागर कुमार ने बताया कि चालकों की सुविधा के लिए पुल के प्रमुख मोड़ों और संपर्क मार्गों पर साइन बोर्ड लगाए जाएंगे. जिससे न केवल चालकों को दिशा का पता चलेगा, बल्कि तेज रफ्तार के कारण होने वाले हादसों में भी कमी आएगी. प्रशासन अब सुरक्षा और सुविधा के बीच संतुलन बिठाते हुए अपनी अंतिम रिपोर्ट तैयार कर रहा है.
Also Read: बक्सर जिला परिवहन कार्यालय के गार्ड रूम से शराब बरामद, छापेमारी के बाद डीटीओ दफ्तर में मचा हड़कंप
