Waterlogging in Danapur : दानापुर में सोमवार को हुई हल्की बारिश ने ही दानापुर नगर परिषद और छावनी परिषद प्रशासन की नाला उड़ाही व सफाई व्यवस्था की पोल खोल दी. परिषद क्षेत्र के बीबीगंज रोड में लाखों रुपये की लागत से आरसीसी नाला बनने के बावजूद सड़क पर जलजमाव हो गया और सड़क झील में तब्दील हो गयी. लोगों को गंदे पानी में घुसकर आवागमन करना पड़ा. शहर के कई अन्य इलाकों में भी जलजमाव और कीचड़ से लोगों की परेशानी बढ़ गयी.
बीबीगंज रोड पर झील जैसा नजारा
बीबीगंज रोड पर आरसीसी नाला निर्माण के बाद भी जल निकासी की समस्या बनी हुई है. सोमवार की बारिश के बाद सड़क पर काफी मात्रा में पानी जमा हो गया. इससे दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों के साथ पैदल राहगीरों को भी परेशानी हुई. लोगों को गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ा.
कई मोहल्लों में सड़क पर जमा पानी
रंजन पथ, बैक कॉलोनी, झखड़ी महादेव मंदिर रोड और न्यू प्रगति नगर समेत कई इलाकों में बारिश के बाद सड़क पर पानी जमा हो गया. जलजमाव के साथ सड़क पर कीचड़ फैल जाने से लोगों का आवागमन मुश्किल हो गया. स्थानीय लोगों का कहना है कि हर साल बारिश के दौरान यही स्थिति बनती है, लेकिन स्थायी समाधान नहीं हो रहा है.
छावनी क्षेत्र में भी जलजमाव
छावनी क्षेत्र के लाल कोठी रोड, मार्शल बाजार, पीपा पुल मार्ग और थानापर समेत कई जगहों पर भी बारिश के बाद जलजमाव हो गया. लोगों के अनुसार, नालों की नियमित सफाई और उड़ाही के बावजूद बारिश होते ही सड़कों पर पानी जमा हो जाता है.
करोड़ों खर्च के बाद भी समस्या बरकरार
स्थानीय लोगों ने बताया कि परिषद प्रशासन द्वारा हर साल नाला उड़ाही और सफाई कार्य पर करोड़ों रुपये खर्च किये जाते हैं. इसके बावजूद शहर को जलजमाव की समस्या से निजात नहीं मिल पा रही है. लोगों ने नाला और सड़क निर्माण की गुणवत्ता पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि विकास कार्यों की समुचित निगरानी नहीं होने से समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो रहा है.
युद्ध स्तर पर जल निकासी का दावा
परिषद के ईओ सह प्रशासक सिद्धार्थ हर्षवर्धन ने बताया कि जल निकासी का कार्य युद्ध स्तर पर किया जा रहा है. प्रशासन की ओर से जलजमाव वाले क्षेत्रों से पानी निकालने का प्रयास किया जा रहा है.
