Patna News : (अमिताभ श्रीवास्तव की रिपोर्ट) पटना सिटी में बुधवार को दो अलग-अलग घटनाओं में दो युवकों की मौत का मामला सामने आया है. पहली घटना में न्यू बाइपास रोड पर तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की चपेट में आने से 26 वर्षीय रवि कुमार की मौत हो गई. वहीं दूसरी घटना में दीदारगंज थाना क्षेत्र के फतेहपुर गांव के पास पुनपुन नदी से करीब 45 वर्षीय अज्ञात युवक का शव बरामद किया गया है. दोनों मामलों में पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए एनएमसी भेजकर जांच शुरू कर दी है.
अज्ञात वाहन की चपेट में आने से रवि की मौत
चौक थाना क्षेत्र के कैमाशिकोह बांसतल नहर मोहल्ला निवासी सुबोध प्रसाद के 26 वर्षीय पुत्र रवि कुमार बुधवार तड़के न्यू बाइपास रोड पर हादसे का शिकार हो गए. परिजनों के अनुसार रवि घर लौट रहे थे. इसी दौरान तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें कुचल दिया.
हादसे में रवि गंभीर रूप से घायल हो गए. उन्हें इलाज के लिए एनएमसीएच अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया. घटना की सूचना मिलने पर बाइपास यातायात थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.
यातायात थानाध्यक्ष नीरज कुमार ठाकुर ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है. पुलिस अज्ञात वाहन और उसके चालक की पहचान करने का प्रयास कर रही है. पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया.
पुनपुन नदी से मिला करीब 45 वर्षीय युवक का शव
दूसरी घटना दीदारगंज थाना क्षेत्र के फतेहपुर गांव की है. यहां बुधवार सुबह पुनपुन नदी के किनारे ग्रामीणों ने एक अज्ञात युवक का शव देखा. इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई.
सूचना मिलते ही दीदारगंज थानाध्यक्ष सुनील कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने शव को नदी से बाहर निकाला और पोस्टमार्टम के लिए एनएमसी भेज दिया. पुलिस के अनुसार शव पानी में रहने के कारण फूल गया था. युवक की उम्र करीब 45 वर्ष बताई जा रही है.
थानाध्यक्ष ने बताया कि प्रथम दृष्टया युवक की मौत नदी में डूबने से होने की आशंका है. हालांकि मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगी. पुलिस शव की पहचान कराने का भी प्रयास कर रही है. शव को पहचान के लिए 72 घंटे तक सुरक्षित रखा जाएगा.
दोनों घटनाओं को लेकर पुलिस अपने-अपने स्तर से छानबीन कर रही है. एक ओर सड़क हादसे में अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है, वहीं नदी से मिले शव की पहचान और मौत के कारणों का पता लगाने में पुलिस जुटी है.
