पटना से आनंद सिंह कौशिक की रिपोर्ट
Patna Crime News : पटना जिले के बुद्धा कॉलोनी थाना क्षेत्र के मरीन ड्राइव इलाके में शनिवार देर रात पुलिस ने संदेह के आधार पर दो युवकों को हथियार के साथ गिरफ्तार किया. तलाशी के दौरान एक युवक के पास से पिस्टल और दो कारतूस बरामद किए गए. गिरफ्तार युवकों की पहचान बुद्धा कॉलोनी निवासी ऋषभ और गांधी मैदान निवासी शिवम के रूप में हुई है. पुलिस दोनों से पूछताछ कर हथियार के स्रोत और उनके आपराधिक संपर्कों का पता लगा रही है.
पुलिस को देखते ही भागने लगे, पीछा कर पकड़ा
पुलिस के अनुसार, दोनों युवक देर रात मरीन ड्राइव के पास बैठे थे. इसी दौरान गश्ती पुलिस की गाड़ी वहां से गुजरी. पुलिस को देखते ही दोनों युवक भागने लगे. संदेह होने पर पुलिस टीम ने पीछा कर दोनों को घेर लिया और पकड़ लिया. तलाशी के दौरान शिवम के पास से पिस्टल और दो कारतूस मिले. इसके बाद दोनों को थाने लाकर पूछताछ शुरू की गई.
ऋषभ का आपराधिक इतिहास भी मिला
जांच के दौरान ऋषभ का आपराधिक इतिहास सामने आया है. पुलिस के मुताबिक, दो दिन पहले बुद्धा कॉलोनी इलाके में हुई मारपीट और चेन छिनतई की घटना में भी उसकी तलाश थी. मामले में सीसीटीवी फुटेज समेत अन्य साक्ष्यों का सत्यापन किया जा रहा है. पुलिस के अनुसार ऋषभ पहले आर्म्स एक्ट के मामले में जेल जा चुका है. वहीं, शिवम का भी आपराधिक इतिहास पुलिस के सामने आया है.
हथियार सप्लायर तक पहुंचने में जुटी पुलिस
थानाध्यक्ष दिनेश कुमार ने बताया कि संदेह के आधार पर पीछा कर दोनों युवकों को गिरफ्तार किया गया है. एक युवक के पास से पिस्टल और कारतूस बरामद हुआ है. पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि हथियार कहां से मिला और दोनों किसी आपराधिक गिरोह से जुड़े हैं या नहीं. हथियार सप्लायर तक पहुंचने के लिए भी जांच की जा रही है.
