Patna Education: पटना जिले के सरकारी और निजी स्कूलों में कक्षा एक से 12वीं तक पढ़ने वाले 2 लाख 17 हजार विद्यार्थियों की अब तक अपार (APAAR) आईडी नहीं बन सकी है. इसका मुख्य कारण बड़ी संख्या में विद्यार्थियों के पास आधार कार्ड का नहीं होना है. जिला शिक्षा कार्यालय ने सभी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारियों और स्कूल प्रधानाध्यापकों को जल्द से जल्द विद्यार्थियों का आधार कार्ड बनवाने और संबंधित पोर्टलों पर अपडेट करने का निर्देश दिया है.
जिले में कक्षा एक से 12वीं तक कुल 8,02,246 विद्यार्थी नामांकित हैं. इनमें लगभग दो लाख से अधिक छात्रों के आधार नंबर उपलब्ध नहीं होने के कारण उनकी अपार आईडी नहीं बन पाई है. शिक्षा विभाग के अनुसार, अपार आईडी बनाने के लिए ई-शिक्षा कोष और यू-डायस (UDISE) पोर्टल पर आधार अपडेट होना अनिवार्य है.
मैट्रिक-इंटर रजिस्ट्रेशन में आ सकती है परेशानी
जिला शिक्षा कार्यालय ने कहा है कि आधार कार्ड नहीं होने पर विद्यार्थियों को भविष्य में मैट्रिक और इंटरमीडिएट परीक्षा के रजिस्ट्रेशन में दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है. इसके अलावा वे विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभ से भी वंचित रह सकते हैं.
शिक्षा विभाग ने सभी स्कूलों को निर्देश दिया है कि अभिभावकों को आधार कार्ड बनवाने वाले केंद्रों की जानकारी उपलब्ध कराई जाए. आधार बनने के बाद विद्यार्थियों का विवरण ई-शिक्षा कोष और यू-डायस पोर्टल पर भी अपडेट किया जाए. विभाग ने यह भी पाया है कि कुछ स्कूलों में ई-शिक्षा कोष पर आधार अपडेट है, लेकिन यू-डायस पोर्टल पर विद्यार्थियों का डेटा प्रदर्शित नहीं हो रहा है.
जिले के 49 केंद्रों पर बनेगा निशुल्क आधार कार्ड
जिला शिक्षा कार्यालय के अनुसार, फिलहाल स्कूलों में संचालित आधार केंद्र बंद हैं. हालांकि, उप विकास आयुक्त के अधीन संचालित 49 आधार केंद्रों पर विद्यार्थियों का आधार कार्ड बनाया और उसमें सुधार किया जा रहा है. विद्यार्थी या अभिभावक संबंधित स्कूल के प्रधानाध्यापक अथवा प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी से संपर्क कर निकटतम आधार केंद्र की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं. विभाग ने स्पष्ट किया है कि विद्यार्थियों का आधार कार्ड बनवाने या उसमें सुधार कराने के लिए कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा.
इन प्रखंडों में संचालित हैं आधार केंद्र
नौबतपुर- 2
बिहटा- 2
फुलवारीशरीफ- 3
मनेर- 3
फुतहा- 2
खुशुरूपुर- 2
धनुरूआ- 2
मसौढ़ी- 2
अथमलगोला- 2
बख्तियारपुर- 2
पटना सदर- 3
मोकामा- 2
दुल्हिन बाजार- 2
पालीगंज- 2
बिक्रम- 2
दनियांवा- 2
बेलछी- 1
बाढ़- 2
दानापुर- 2
घोसवरी- 1
पुनपुन- 2
संपतचक- 2
इसे भी पढ़ें: बिहार में शुरू हुई हेली-एयर टूरिज्म सेवा, पटना से राजगीर, वाल्मीकिनगर और कैमूर जाने पर मिलेगी सब्सिडी
