पटना से आनंद सिंह कौशिक की रिपोर्ट
Traffic Diverted : पटना में खुदाबख्श ओरिएंटल पब्लिक लाइब्रेरी में 24 अगस्त को आयोजित होने वाले कार्यक्रम को लेकर पटना ट्रैफिक पुलिस ने विशेष यातायात एवं डायवर्जन प्लान जारी किया है. कार्यक्रम के दौरान आम लोगों की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए कई मार्गों पर वाहनों के परिचालन में बदलाव किया गया है. यह व्यवस्था कार्यक्रम समाप्त होने तक प्रभावी रहेगी.
कारगिल चौक से गायघाट जाने वाले वाहन डबल डेकर पुल से जाएंगे
कारगिल चौक से गायघाट की ओर जाने वाले सभी वाहनों को डबल डेकर पुल से होकर गुजरना होगा. व्यावसायिक वाहन, ई-रिक्शा और टेंपो के लिए खेतान मार्केट, जीएम रोड दक्षिणी, मछुआ टोली दक्षिणी और खजांची रोड दक्षिणी से अशोक राजपथ की ओर जाने पर पूरी तरह रोक रहेगी.
कृष्णा घाट से आने वाले वाहनों के लिए भी बदलाव
कृष्णा घाट की ओर से कारगिल चौक आने वाले वाहनों को पटना कॉलेज गेट के पास डबल डेकर पुल का इस्तेमाल करना होगा. वहीं, अशोक राजपथ पुल के नीचे से कारगिल चौक की ओर जाने वाले सभी प्रकार के वाहनों के परिचालन पर प्रतिबंध रहेगा.
गायघाट की ओर से आने वाले वाहन होंगे डायवर्ट
गायघाट की ओर से आने वाले वाहनों को खजांची रोड उत्तरी से डायवर्ट किया जाएगा. इसके बाद वाहन खजांची रोड दक्षिणी, मछुआ टोली और ठाकुरबाड़ी होते हुए गांधी मैदान की ओर जाएंगे. ट्रैफिक पुलिस ने वाहन चालकों से निर्धारित मार्ग का ही इस्तेमाल करने की अपील की है.
जाम से बचने के लिए सहयोग की अपील
ट्रैफिक पुलिस ने आम नागरिकों और वाहन चालकों से अपील की है कि कार्यक्रम के दौरान जारी यातायात व्यवस्था का पालन करें और पुलिस-प्रशासन का सहयोग करें. निर्धारित डायवर्जन का पालन करने से जाम और अनावश्यक परेशानी से बचा जा सकेगा.
