Patna News: पटना जिले के मनेर में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने और अपराध पर प्रभावी नियंत्रण के लिए सरकार ने तीन नए पुलिस ओपी (आउट पोस्ट) खोलने की मंजूरी दे दी है. मनेर थाना क्षेत्र के शेरपुर, सराय और भवानी टोला में नए ओपी स्थापित किए जाएंगे. इसके लिए संबंधित क्षेत्रों में प्रभारी की नियुक्ति भी कर दी गई है.
मनेर थानाध्यक्ष रजनीश कुमार ने बताया कि शेरपुर में सिंगला कंस्ट्रक्शन कंपनी के कार्यालय के समीप कंपनी द्वारा जमीन उपलब्ध कराई गई है, जहां नए ओपी का निर्माण किया जाएगा. उन्होंने बताया कि कंस्ट्रक्शन कंपनी के कार्यालय पर पूर्व में कई बार मारपीट और लूटपाट की घटनाएं हो चुकी हैं, जिसे देखते हुए यहां पुलिस की स्थायी मौजूदगी आवश्यक थी.
कई पंचायतों को मिलेगा लाभ
शेरपुर ओपी के संचालन से शेरपुर पूर्वी, शेरपुर पश्चिमी, खासपुर, छितनावा, दोस्तनगर, लोदीपुर, ब्रह्मचारी एवं सिंघाड़ा पंचायत समेत आसपास के क्षेत्रों में आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण किया जा सकेगा. वहीं सराय ओपी के माध्यम से सराय, बलुआं और बांक पंचायतों में कानून-व्यवस्था को मजबूत किया जाएगा. इसके अलावा भवानी टोला ओपी के अंतर्गत किता चौहत्तर मध्य, पूर्वी और पश्चिमी पंचायतों में अपराध नियंत्रण की जिम्मेदारी होगी.
ओपी भवनों के चयन की प्रक्रिया जारी
थानाध्यक्ष ने बताया कि तीनों ओपी के निर्माण के लिए भवनों के चयन की प्रक्रिया चल रही है. नए ओपी शुरू होने के बाद आम लोगों को पुलिस सहायता के लिए मनेर थाना तक नहीं जाना पड़ेगा और स्थानीय स्तर पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित हो सकेगी.
इन अधिकारियों को मिली जिम्मेदारी
पुलिस विभाग द्वारा तीनों नए ओपी के लिए प्रभारी अधिकारियों की नियुक्ति कर दी गई है. सराय ओपी में पुलिस अवर निरीक्षक रामानुज कुमार, शेरपुर ओपी में पुलिस अवर निरीक्षक अमित कुमार तथा भवानी टोला ओपी में पुलिस अवर निरीक्षक विजय कुमार को प्रभारी बनाया गया है. पुलिस प्रशासन का मानना है कि नए ओपी शुरू होने से मनेर और आसपास के क्षेत्रों में अपराध नियंत्रण के साथ-साथ आम लोगों को त्वरित पुलिस सहायता उपलब्ध कराना आसान होगा.
