बच्चों ने कहा-पीएम द्वारा दिये गये टिप्स पर करेंगे अमल, खुद से करेंगे प्रतिस्पर्धा
Copied link
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को परीक्षा पे चर्चा कार्यक्रम के 9वें संस्करण के तहत स्कूली बच्चों को परीक्षा के तनाव को दूर करने और बेहतर अंक पाने के टिप्स दिये
संवाददाता, पटना
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को परीक्षा पे चर्चा कार्यक्रम के 9वें संस्करण के तहत स्कूली बच्चों को परीक्षा के तनाव को दूर करने और बेहतर अंक पाने के टिप्स दिये. कार्यक्रम का शहर के सभी निजी स्कूलों में लाइव प्रसारण किया गया. बिहार बोर्ड की इंटर परीक्षा होने की वजह से कई सरकारी स्कूलों में यह कार्यक्रम आयोजित नहीं किया गया. कार्यक्रम सुबह 11 बजे से दोपहर एक बजे तक चला. इस अवसर पर शहर के निजी व सरकारी स्कूलों में बच्चों को परीक्षा पे चर्चा कार्यक्रम का प्रसारण दिखाने के खास व्यवस्था की गयी थी. शहर के गोला रोड स्थित संत कैरेंस हाइस्कूल, कंकड़बाग स्थित केंद्रीय विद्यालय, बोरिंग रोड स्थित बाल्डविन एकेडमी और तारामंडल स्थित अदालतगंज स्थित मध्य विद्यालय में भी बच्चों ने परीक्षा पे चर्चा कार्यक्रम में पीएम नरेंद्र मोदी द्वारा किये गये मार्गदर्शन को गंभीरता से सुनते हुए उस पर अमल करने की बात कही. विद्यार्थियों को कार्यक्रम का प्रसारण दिखाने के लिए एलइडी टीवी की व्यवस्था की गयी थी. पीएम नरेंद्र मोदी ने विद्यार्थियों को संबोधित किया और विद्यार्थियों द्वारा पूछे गये सवालों का जवाब दिया. वहीं बेली रोड स्थित केंद्रीय विद्यालय में बच्चों को प्रोजेक्टर के माध्यम से कार्यक्रम का प्रसारण दिखाया गया. इसके अलावा बोर्ड कॉलोनी स्थित डीएवी स्कूल में बच्चों ने उत्साह के साथ भाग लिया.
पढ़ाई के अलावा बच्चों की दिनचर्या के बारे में भी जानकारी रखने की मिली सलाह
स्कूली विद्यार्थियों के साथ ही परीक्षा पे चर्चा कार्यक्रम में शिक्षकों को भी विद्यार्थियों की दिनचर्या की जानकारी रखने के साथ ही उनकी परेशानियों को सुनने की सलाह दी गयी. शहर के विभिन्न स्कूलों के शिक्षकों ने कहा कि कार्यक्रम में हम शिक्षकों को भी विद्यार्थियों के साथ पढ़ाई के अलावा उनके दिनचर्या के बारे में जानकारी रखने की सलाह दी गयी है. बॉल्डविन एकेडमी के शिक्षक राजीव कुमार ने बताया कि पीएम मोदी ने विद्यार्थियों को परीक्षा का तनाव कम करने के लिए सेशन के शुरुआत से ही उनकी समस्याओं का हल करने और उन्हें मोटिवेट करने को लेकर प्रेरित किया है. वहीं केंद्रीय विद्यालय के प्राचार्य एमपी सिंह ने बताया कि पीएम द्वारा दिये गये टिप्स से विद्यार्थियों और शिक्षक के बीच लगाव बढ़ेगा. जिससे छात्र खुल कर अपनी समस्याओं को रख सकेंगे.
Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.