पटना में ऑटो सवार उचक्कों का आतंक, एक से 80 हजार रुपये तो दूसरे से 2 लाख की सोने की चेन उड़ाई

Patna Auto snatchers: राजधानी पटना में ऑटो सवार अपराधियों का आतंक लगातार बढ़ रहा है. अलग-अलग घटनाओं में यात्रियों से ₹80 हजार और ₹2 लाख की सोने की चेन लूट ली गई. पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच कर रही है.

Patna Auto snatchers: राजधानी में ऑटो सवार उचक्कों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है. पटना सिटी में अलग-अलग दो घटनाओं में बदमाशों ने ऑटो में सफर कर रहे यात्रियों को निशाना बनाते हुए एक से 80 हजार रुपये और दूसरे से करीब दो लाख रुपये मूल्य की सोने की चेन उड़ा ली. दोनों मामलों में संबंधित थानों में शिकायत दर्ज कराई गई है.

ऑपरेशन के लिए लाए थे रुपये, रास्ते में हो गए गायब

अगमकुआं थाना में दर्ज शिकायत में दरभंगा जिले के बरिथौल निवासी राजा कुमार ने बताया कि वह अपने बीमार भाई के ऑपरेशन के लिए परिवार के तीन सदस्यों के साथ जीरो माइल बस पड़ाव पर उतरे थे. भाई का इलाज अगमकुआं स्थित एक निजी अस्पताल में होना था.

परिवार ऑटो से अस्पताल के लिए रवाना हुआ. कुछ दूरी तय करने के बाद चालक ने कहा कि ऑटो आगे नहीं जाएगा और सभी को उतरने के लिए कहा. इसी दौरान चालक ने चालाकी से जींस की जेब में प्लास्टिक में रखे 80 हजार रुपये निकाल लिए और फरार हो गया. पीड़ित ने पुलिस को बताया कि वह चालक को पहचान सकता है.

पहाड़ी के पास सोने की चेन लेकर भागे बदमाश

दूसरी घटना बाइपास थाना क्षेत्र की है. गुरु गोविंद सिंह पथ निवासी इंदर कुमार ने पुलिस को बताया कि वह जीरो माइल बस पड़ाव से ऑटो से अपने घर लौट रहे थे.

पहाड़ी के पास चालक ने ऑटो के अगले पहिए में हवा कम होने की बात कहकर एक अन्य व्यक्ति को पीछे बैठा दिया. पीछे पहले से तीन लोग बैठे थे. इसी दौरान एक बदमाश ने उनकी जेब से पर्स निकालने का प्रयास किया, लेकिन वह सफल नहीं हो सका.

शक होने पर इंदर कुमार ऑटो से उतर गए. कुछ देर बाद उन्हें पता चला कि उनके गले से करीब दो लाख रुपये मूल्य की सोने की चेन गायब है. तब तक चालक ऑटो लेकर फरार हो चुका था.

दोनों मामलों की जांच में जुटी पुलिस

दोनों पीड़ितों की शिकायत पर क्रमशः अगमकुआं और बाइपास थाना पुलिस ने मामले दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है.

इसे भी पढ़ें: बिहार में शुरू हुई हेली-एयर टूरिज्म सेवा, पटना से राजगीर, वाल्मीकिनगर और कैमूर जाने पर मिलेगी सब्सिडी


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Prabhat khabar news desk

Published by: Nikhil Anurag

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >