सवेरा कैंसर हॉस्पिटल, पटना में मंगलवार को हॉस्पिटल के सात वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में स्थापना दिवस समारोह का आयोजन किया गया. इस अवसर पर अस्पताल प्रबंधन, चिकित्सकों और कर्मचारियों ने अस्पताल की अब तक की उपलब्धियों को साझा किया. साथ ही मरीजों को बेहतर और अत्याधुनिक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई. मौके पर मरीजों के लिए अत्याधुनिक चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार की जानकारी दी गई.
वरिष्ठ कैंसर सर्जन एवं निदेशक डॉ. वी.पी. सिंह ने कहा कि अस्पताल में अब रोबोटिक सर्जरी की अत्याधुनिक सुविधा शुरू की गई है. साथ ही, कैंसर अनुसंधान को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने के उद्देश्य से एक समर्पित कैंसर रिसर्च सेंटर की स्थापना की गई है, जहां नई उपचार पद्धतियों और अनुसंधान पर कार्य किया जाएगा.
इसके अलावा अत्याधुनिक PET-CT, लिनियर एक्सेलेरेटर आधारित रेडियोथेरेपी, डे-केयर कीमोथेरेपी, फ्रोजन सेक्शन, मॉलिक्यूलर डायग्नोस्टिक्स एवं कॉम्प्रिहेंसिव कैंसर केयर जैसी सभी प्रमुख सुविधाएं एक ही परिसर में उपलब्ध हैं.
उन्होंने बताया कि पिछले छह वर्षों में अस्पताल ने बिहार सहित झारखंड, पूर्वी उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल, ओडिशा और नेपाल से आने वाले हजारों कैंसर मरीजों को आधुनिक एवं गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराया है. आज सवेरा कैंसर हॉस्पिटल बिहार के अग्रणी समर्पित कैंसर अस्पतालों में अपनी पहचान बना चुका है.
इस अवसर पर हॉस्पिटल के चेयरमैन डॉ. आर एन सिंह ने कहा कि अस्पताल का उद्देश्य केवल कैंसर का इलाज करना नहीं, बल्कि समय पर पहचान, जनजागरूकता और हर मरीज को नई जिंदगी देना है. इसी सोच के तहत बिहार के विभिन्न जिलों में सैकड़ों नि:शुल्क कैंसर जांच एवं जागरूकता शिविर आयोजित किए गए हैं तथा आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों को विभिन्न सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं के माध्यम से उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है.
उन्होंने कहा, “यह सातवां वर्ष केवल एक उपलब्धि नहीं, बल्कि मरीजों के विश्वास, चिकित्सकों की प्रतिबद्धता और पूरे सवेरा परिवार की निस्वार्थ सेवा का परिणाम है. आने वाले वर्षों में अत्याधुनिक तकनीक, अनुसंधान और मानवीय सेवा के माध्यम से प्रत्येक कैंसर मरीज तक सर्वोत्तम उपचार पहुंचाना हमारा संकल्प है. कार्यक्रम में डॉ. अविनाश, डॉ. आकाश, डॉ. अनीता, डॉ. अमृता, डॉ. राहुल, डॉ. आर. के. सक्सेना, डॉ. शांभवी सहित अस्पताल के अन्य चिकित्सक एवं कर्मचारी मौजूद रहे.
