Bihar News: पटना के मुसल्लहपुर हाट के 100 वर्ष पूरे होने के मौके पर आयोजित भव्य शताब्दी समारोह में बिहार के उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने रोजगार और विकास को लेकर बड़ा बयान दिया. उन्होंने कहा कि राज्य में पिछले पांच वर्षों में रिकॉर्ड स्तर पर नौकरियां दी गई हैं. आने वाले समय में रोजगार के और बड़े अवसर पैदा किए जाएंगे.
‘5 साल में 12 लाख को रोजगार, 5.5 लाख शिक्षक शामिल’
समारोह को संबोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री ने बताया कि बीते पांच वर्षों में करीब 12 लाख लोगों को रोजगार दिया गया है. इसमें 5.5 लाख शिक्षकों की नियुक्ति भी शामिल है. उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में बिहार हर क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है.
‘अब 1 करोड़ नौकरियों का लक्ष्य’
सम्राट चौधरी ने बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि सरकार ने आने वाले समय में 1 करोड़ लोगों को सरकारी नौकरी देने का लक्ष्य रखा है. उन्होंने यह भी कहा कि राज्य में औद्योगिक विकास को गति दी जाएगी, जिससे रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे और युवाओं को बाहर नहीं जाना पड़ेगा.
हाट के विकास के लिए 2-3 करोड़ की घोषणा
कार्यक्रम के दौरान उप मुख्यमंत्री ने मुसल्लहपुर हाट के विकास के लिए दो से तीन करोड़ रुपये की सहायता देने का ऐलान किया. उन्होंने हाट समिति के अध्यक्ष उत्तम मेहता से कहा कि वे विकास के लिए ठोस योजना बनाएं, सरकार हर संभव सहयोग देगी.
समिति के सामाजिक कार्यों की सराहना
सम्राट चौधरी ने हाट समिति द्वारा किए जा रहे सामाजिक कार्यों की भी तारीफ की. उन्होंने कहा कि विधवाओं, वृद्धों, दिव्यांगों, मरीजों और मेधावी छात्रों की मदद सराहनीय पहल है.
100 साल पुराना इतिहास, समाज की देन
समिति अध्यक्ष उत्तम मेहता ने बताया कि इस हाट की स्थापना 31 मार्च 1927 को हुई थी. फल-सब्जी बेचने वाली महिला चितकुंवर देवी के सुझाव पर कुशवाहा समाज के लोगों ने करीब दो एकड़ जमीन दान कर इसकी शुरुआत की थी. समिति की ओर से विद्यार्थियों के लिए 50 कमरों का छात्रावास, शॉपिंग कॉम्प्लेक्स और अन्य विकास योजनाओं का प्रस्ताव भी रखा गया.
Also Read: दुलारचंद मर्डर केस: अनंत सिंह के भतीजों को हाईकोर्ट से राहत, राजवीर-करमवीर को मिली अग्रिम जमानत
