मोनु कुमार मिश्रा की रिपोर्ट
Bihata Crime News : बिहटा थाना क्षेत्र के सदीसोपुर गांव स्थित एक अर्द्धनिर्मित मकान से युवक का शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गयी. मृतक की पहचान नौबतपुर थाना क्षेत्र के गोनवां गांव निवासी अकबर अंसारी के पुत्र मोहम्मद चांद (22) के रूप में हुई है. घटना रविवार की बतायाी जा रही है. वह नर्सरी का कार्य करता था.
फोन बंद होने पर परिजनों की चिंता बढ़ी
जानकारी के अनुसार, मोहम्मद चांद शनिवार की रात अपने कुछ दोस्तों के बुलावे पर बाइक लेकर घर से निकला. देर रात तक घर वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने खोजबीन शुरू की. परिजनों ने बताया कि इस दौरान उसका मोबाइल फोन बंद आ रहा था, जिससे चिंता और बढ़ गयी. रविवार सुबह पुलिस के माध्यम से परिजनों को सूचना मिली कि सदीसोपुर गांव स्थित एक सुनसान मकान में एक युवक का शव पड़ा हुआ है.
बाइक गायब, शव के पास ही मोबाइल मिला
सूचना पर पहुंचे परिजनों ने शव की पहचान मोहम्मद चांद के रूप में की. शव की स्थिति देख परिजन आक्रोशित हो उठे. मृतक के चेहरे पर गंभीर चोट के निशान पाए गये हैं, जबकि शरीर पर भी कई जगह जख्म के निशान मिले हैं. परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए आरोप लगाया है कि युवक को सुनियोजित तरीके से बुलाकर वारदात को अंजाम दिया गया है. घटना के बाद युवक की मोटरसाइकिल मौके से गायब पायी गयी है, जबकि मोबाइल फोन शव के पास से बरामद हुआ है.
एफएसएल की टीम कई साक्ष्य एकत्र किए
सूचना मिलते ही बिहटा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल टीम को भी घटनास्थल पर बुलाया गया, जिसने मौके से साक्ष्य एकत्र किये. पुलिस ने मोबाइल फोन की जांच और कॉल डिटेल खंगालने की प्रक्रिया शुरू कर दी है.थाना पुलिस का कहना है कि मामले की जांच सभी संभावित बिंदुओं पर की जा रही है.
पुलिस आसपास के लोगों से कर रही पूछताछ
आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है तथा संदिग्धों की पहचान कर गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों पर स्थिति और स्पष्ट होगी.घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है.इधर, घटना के बाद ग्रामीणों में यह चर्चा भी जोर पकड़ रही है कि मृतक युवक स्मैक के नशे की लत थी और नशे के कारण उसकी संगति संदिग्ध लोगों के साथ बढ़ गयी थी.
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंजतार, पुलिस जांच जारी
ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में सूखे नशे का चलन तेजी से बढ़ रहा है, जिसका असर युवाओं पर साफ दिखाई दे रहा है. हालांकि इस पूरे मामले में पुलिस या परिजनों की ओर से नशे से जुड़े किसी भी पहलू की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गयी है.पुलिस सभी बिंदुओं पर गंभीरता से जांच कर रही है और वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट व अनुसंधान के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा.
