लखीसराय में रेलवे ट्रैक डूबने से पटना आने वाली कई ट्रेनें घंटों लेट, यात्रियों की बढ़ी परेशानी

Rain disruption Train delays: लखीसराय में भारी बारिश के कारण किऊल-जमालपुर रेलखंड पर रेलवे ट्रैक डूब गया है, जिससे ट्रेनों का परिचालन बुरी तरह प्रभावित हुआ है. भागलपुर-सूरत सुपरफास्ट एक्सप्रेस समेत कई ट्रेनें घंटों देरी से चल रही हैं, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.

Rain disruption Train delays: लगातार हो रही बारिश का असर अब रेलवे परिचालन पर भी पड़ने लगा है. रविवार देर रात हुई झमाझम बारिश के कारण लखीसराय जिले में किऊल-जमालपुर रेलखंड पर रेल पटरियों पर पानी भर गया, जिससे ट्रेनों का परिचालन प्रभावित हो गया. इसका असर पटना जंक्शन पहुंचने वाली कई ट्रेनों पर देखने को मिला, जो घंटों की देरी से अपने गंतव्य तक पहुंचीं.

सोमवार सुबह लखीसराय से सटे कजरा स्टेशन के समीप रेलवे ट्रैक पूरी तरह जलमग्न हो गया. इसके कारण किऊल-जमालपुर रेलखंड पर कई एक्सप्रेस और पैसेंजर ट्रेनों को करीब पौने दो घंटे तक रोकना पड़ा. इससे पटना आने वाली ट्रेनों के परिचालन पर व्यापक असर पड़ा.

भागलपुर-सूरत सुपरफास्ट एक्सप्रेस सबसे अधिक लेट

पटना जंक्शन पहुंचने वाली ट्रेनों में ट्रेन संख्या 22948 भागलपुर-सूरत सुपरफास्ट एक्सप्रेस सबसे अधिक दो घंटे 40 मिनट की देरी से पहुंची. ट्रेन जब पटना जंक्शन के प्लेटफॉर्म संख्या चार पर पहुंची तो यात्रियों की परेशानी साफ नजर आई.

सूरत जाने के लिए पटना जंक्शन पहुंचे यात्रियों ने बताया कि इस ट्रेन से बिहार के विभिन्न जिलों के लोग लंबी दूरी की यात्रा करते हैं. ट्रेन के विलंब से यात्रियों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा. यात्रियों ने बताया कि भागलपुर से ट्रेन समय पर रवाना हुई थी, लेकिन कजरा स्टेशन के पास पहुंचने के बाद इसका परिचालन प्रभावित हुआ और किऊल जंक्शन पहुंचते-पहुंचते ट्रेन ढाई घंटे से अधिक लेट हो गई.

पटना आने वाली ये ट्रेनें हुईं प्रभावित

  • ट्रेन संख्या 22948 भागलपुर-सूरत सुपरफास्ट एक्सप्रेस – 2 घंटे 40 मिनट विलंब.
  • ट्रेन संख्या 12367 विक्रमशिला एक्सप्रेस – 1 घंटे विलंब.
  • ट्रेन संख्या 13287 साउथ बिहार एक्सप्रेस – 1 घंटा 25 मिनट विलंब.
  • ट्रेन संख्या 15658 ब्रह्मपुत्र मेल – विलंब से संचालित.
  • ट्रेन संख्या 18183 टाटानगर-बक्सर एक्सप्रेस – 50 मिनट विलंब.
  • ट्रेन संख्या 18622 पाटलिपुत्र-हटिया एक्सप्रेस – विलंब से संचालित.
  • ट्रेन संख्या 53203 झाझा-दानापुर एक्सप्रेस – 1 घंटा 15 मिनट विलंब.
  • ट्रेन संख्या 63205 किऊल-पटना मेमू ट्रेन – 1 घंटा 35 मिनट विलंब.

बारिश का असर रेलवे परिचालन पर

लगातार बारिश के कारण रेलवे ट्रैक पर जलजमाव होने से रेल परिचालन प्रभावित हुआ है. ट्रेनों की रफ्तार धीमी होने और कई स्थानों पर उन्हें रोकने के कारण यात्रियों को घंटों इंतजार करना पड़ा. रेलवे की ओर से ट्रेनों का सुरक्षित परिचालन सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कदम उठाए गए, जिसके कारण कई ट्रेनों को नियंत्रित गति से चलाया गया. बारिश के मौसम में रेल पटरियों पर जलजमाव की समस्या रेलवे प्रशासन के लिए भी चुनौती बनी हुई है. यात्रियों को फिलहाल ट्रेन की अद्यतन जानकारी प्राप्त कर ही यात्रा करने की सलाह दी जा रही है.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Anand kumar

Published by: Nikhil Anurag

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >