मीसा भारती पहुंचीं पूर्व मुखिया संजय यादव के घर, परिजनों से की मुलाकात

Patna Crime: बिहटा के राघोपुर पंचायत के पूर्व मुखिया संजय यादव की संदिग्ध मौत से इलाके में हड़कंप मच गया है. इस मामले में पुलिस ने छह लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. पाटलिपुत्र सांसद मीसा भारती ने भी घटना स्थल का दौरा कर परिजनों से मुलाकात की.

Patna Crime: बिहटा के राघोपुर पंचायत के पूर्व मुखिया संजय यादव की संदिग्ध मौत मामले में पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है. मृतक के पुत्र सोनल कुमार के आवेदन पर बिहटा थाना में छह लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई है.

सोनल कुमार ने अपने आवेदन में आरोप लगाया है कि उनके पिता राजनीति के साथ-साथ जमीन के कारोबार से भी जुड़े थे, जिसके कारण उनका कई लोगों से विवाद चल रहा था. उन्होंने बताया कि पिता को लगातार जान से मारने की धमकियां मिल रही थीं, जिसके चलते वह अक्सर घर से बाहर रहते थे.

इन छह लोगों को बनाया गया आरोपी

प्राथमिकी में अल्हनपुरा निवासी गुड्डू यादव, बिशनपुरा निवासी रविराज सिंह, बिहटा निवासी मनीष सिंह तथा राघोपुर निवासी करुणा शंकर मिश्रा, भोला मिश्रा और प्रभा शंकर मिश्रा को नामजद अभियुक्त बनाया गया है.

शिकायत में आरोप लगाया गया है कि सभी आरोपितों ने पूर्व नियोजित साजिश के तहत संजय यादव की हत्या की वारदात को अंजाम दिया. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

52 कट्ठा जमीन विवाद भी जांच के दायरे में

पूर्व मुखिया संजय यादव की मौत के मामले में 52 कट्ठा जमीन का विवाद भी जांच का अहम बिंदु बन गया है. यह जमीन करोड़ों रुपये मूल्य की बताई जा रही है.

परिजनों ने जमीन विवाद को लेकर भी पुलिस को जानकारी दी है. स्थानीय सूत्रों के अनुसार, जमीन के एग्रीमेंट को लेकर संजय यादव और दूसरे पक्ष के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था.

प्रभावशाली लोगों की भूमिका की भी चर्चा

मामले में कुछ प्रभावशाली लोगों की भूमिका को लेकर स्थानीय स्तर पर चर्चाएं भी हो रही हैं. हालांकि, इसकी अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.

पुलिस का कहना है कि मामले से जुड़े सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है और किसी भी संभावित एंगल को नजरअंदाज नहीं किया जाएगा.

मीसा भारती ने परिजनों से की मुलाकात

घटना के बाद देर शाम पाटलिपुत्र सांसद मीसा भारती राघोपुर पहुंचीं और शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी.

उन्होंने बिहार की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि अपराधियों पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए और दोषियों के खिलाफ निष्पक्ष जांच जरूरी है.

ALSO READ: अपहरण के कुछ घंटों में ही हुई बंटी की हत्या, पांच दिन तक तलाशती रही SIT, जानिए कैसे खुला राज


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >