Patna Waterlogging: संपतचक नगर परिषद के वार्ड संख्या-14 स्थित भोगीपुर (एकतापुरम) में वर्षों से बनी जलजमाव की समस्या को लेकर शनिवार को स्थानीय लोगों का आक्रोश फूट पड़ा. अपार्टमेंट से बाहर निकल रहे विधायक अरुण मांझी का स्थानीय लोगों ने घेराव कर पक्का नाला निर्माण और स्थायी जलनिकासी की मांग की. इस दौरान लोगों ने विधायक को मांग-पत्र भी सौंपा.
हर बरसात में जलमग्न हो जाती हैं सड़कें
स्थानीय लोगों ने बताया कि भोगीपुर (एकतापुरम) में हर वर्ष बारिश के दौरान गंभीर जलजमाव की स्थिति उत्पन्न हो जाती है. सड़कें पानी में डूब जाती हैं, जिससे लोगों का घरों से निकलना मुश्किल हो जाता है. कई बार संबंधित विभाग और जनप्रतिनिधियों से शिकायत करने के बावजूद अब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका है.
विधानसभा में उठा था मामला, फिर भी नहीं शुरू हुआ काम
लोगों ने विधायक को बताया कि इस मुद्दे को विधानसभा में भी उठाया गया था. इसके बाद नगर विकास एवं आवास विभाग ने 3 फरवरी 2026 को आवश्यक कार्रवाई का निर्देश जारी किया था, लेकिन कई महीने बीत जाने के बावजूद पक्का नाला निर्माण का कार्य शुरू नहीं हुआ. इससे स्थानीय लोगों में नाराजगी लगातार बढ़ रही है.
हजारों छात्र-छात्राओं को होती है परेशानी
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि भोगीपुर (एकतापुरम) में कई विद्यालय, महाविद्यालय और अन्य शिक्षण संस्थान संचालित हैं. बरसात के समय सड़कें जलमग्न हो जाने से हजारों छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और आम लोगों का आवागमन प्रभावित होता है. कई बार बच्चों को घुटने भर पानी से होकर स्कूल जाने के लिए मजबूर होना पड़ता है.
विधायक ने कार्रवाई का दिया आश्वासन
विधायक अरुण मांझी ने लोगों को आश्वस्त करते हुए कहा कि जलजमाव की समस्या गंभीर है. उन्होंने संबंधित विभाग के अधिकारियों से शीघ्र कार्रवाई कराने की बात कही. साथ ही कहा कि यदि इसके बाद भी नाला निर्माण का कार्य शुरू नहीं हुआ तो वह इस मुद्दे को दोबारा बिहार विधानसभा में प्रमुखता से उठाएंगे.
मौके पर डॉ. विनय कुमार, मुकेश सिंह, महेश कुमार, दिनेश सिंह, मुकुल कुमार, हरी, नागमणि कुमार, कमल नयन कुमार, मनु, शिव शंकर आजाद, संजय सिंह, उपेंद्र सिंह, रामबाबू सिंह, बिनय सिंह, अभिषेक कुमार सिंह, अभय कुमार सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे.
इसे भी पढ़ें: बिहार में शुरू हुई हेली-एयर टूरिज्म सेवा, पटना से राजगीर, वाल्मीकिनगर और कैमूर जाने पर मिलेगी सब्सिडी
