पटना यूनिवर्सिटी में LLB एंट्रेंस का पेपर वायरल, परीक्षा के घंटे भर बाद लीक की चर्चा

पटना विश्वविद्यालय की LLB एंट्रेंस परीक्षा में प्रश्न पत्र लीक होने से हड़कंप मच गया. हालांकि जैमर ने नकल पर अंकुश लगाया, लेकिन सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं. मामले की जांच के लिए CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं.

Patna University LLB Entrance Exam Paper Leak: पटना में शनिवार को पटना विश्वविद्यालय द्वारा आयोजित तीन वर्षीय एलएलबी एंट्रेंस परीक्षा के दौरान बड़ा बवाल खड़ा हो गया. परीक्षा शुरू होने के करीब डेढ़ घंटे बाद अचानक प्रश्न पत्र वायरल होने की खबर सामने आई, जिससे परीक्षा केंद्रों पर अफरा-तफरी मच गई. सुबह 10.30 बजे से शुरू हुई यह परीक्षा जब अपने मध्य चरण में थी, तभी करीब 12 बजे सोशल मीडिया पर पेपर के वायरल होने की सूचना फैल गई. इस खबर के बाद छात्र-छात्राओं के बीच भी हलचल तेज हो गई और परीक्षा की पारदर्शिता को लेकर सवाल उठने लगे.

प्राथमिक जानकारी के मुताबिक पटना कॉलेज परीक्षा केंद्र पर एक छात्र किसी तरह मोबाइल फोन लेकर अंदर प्रवेश कर गया था. उसी छात्र द्वारा प्रश्न पत्र की तस्वीर खींचकर बाहर भेजी गई. हालांकि केंद्रों पर पहले से जैमर लगाए गए थे, जिसकी वजह से वायरल प्रश्न पत्र का तत्काल कोई फायदा नहीं मिल सका. बाहर बैठे लोग या परीक्षार्थी प्रश्नों के जवाब अंदर तक नहीं पहुंचा पाए, जिससे बड़े पैमाने पर नकल की संभावना टल गई.

तीन प्रमुख केंद्रों पर हुई परीक्षा, समय पर चला पेपर

पटना विश्वविद्यालय ने इस प्रवेश परीक्षा का आयोजन शहर के तीन प्रमुख केंद्रों पर किया था. इनमें पटना कॉलेज, बीएन कॉलेज और मगध महिला कॉलेज शामिल हैं. परीक्षा सुबह 10.30 बजे से शुरू होकर दोपहर 12.30 बजे तक निर्धारित थी. शुरुआत में परीक्षा पूरी तरह शांतिपूर्ण तरीके से चल रही थी, लेकिन पेपर वायरल होने की सूचना ने माहौल को अचानक तनावपूर्ण बना दिया.

लीक प्रशन पेपर

छात्रों के बीच चर्चा तेज हो गई कि आखिर सुरक्षा के इतने इंतजाम के बावजूद प्रश्न पत्र बाहर कैसे पहुंचा. कई अभ्यर्थियों ने इस पर नाराजगी भी जताई और निष्पक्षता को लेकर चिंता जाहिर की.

Paper Leak : जैमर ने बिगड़ने नहीं दी स्थिति

विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक बीके लाल ने बताया कि सभी केंद्रों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे और जैमर लगाए गए थे. यही वजह रही कि पेपर वायरल होने के बावजूद किसी को इसका सीधा लाभ नहीं मिल सका. उन्होंने साफ किया कि अगर जैमर नहीं होते, तो स्थिति और गंभीर हो सकती थी.

उन्होंने कहा कि परीक्षा के दौरान किसी भी तरह की गड़बड़ी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई तय है.

संदिग्ध छात्रों से पूछताछ, मोबाइल की जांच

घटना की जानकारी मिलते ही विश्वविद्यालय प्रशासन ने तुरंत एक्शन लिया. पटना कॉलेज परीक्षा केंद्र पर कुछ संदिग्ध छात्रों को पकड़ा गया और उनके मोबाइल फोन की जांच की गई. हालांकि मौके पर किसी भी छात्र के मोबाइल में स्पष्ट सबूत नहीं मिला. इसके बावजूद प्रशासन ने जांच का दायरा बढ़ा दिया है.

अधिकारियों का कहना है कि यह साफ है कि किसी ने नियमों को तोड़कर मोबाइल अंदर पहुंचाया, इसलिए यह सुरक्षा में चूक का मामला भी है. अब यह पता लगाया जा रहा है कि उस छात्र ने मोबाइल अंदर कैसे ले गया.

CCTV फुटेज खंगालने का काम शुरू

पूरे मामले की तह तक जाने के लिए विश्वविद्यालय प्रशासन ने सीसीटीवी फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है. हर एंगल से यह देखा जा रहा है कि परीक्षा के दौरान किस छात्र की गतिविधि संदिग्ध रही. फुटेज के आधार पर जल्द ही आरोपी की पहचान होने की उम्मीद जताई जा रही है.

प्रशासन ने साफ किया है कि दोषी छात्र की पहचान होते ही उसके खिलाफ सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी, जिसमें परीक्षा रद्द करने से लेकर आगे की परीक्षाओं में प्रतिबंध तक शामिल हो सकता है.

सुरक्षा व्यवस्था पर उठे गंभीर सवाल

इस घटना ने परीक्षा केंद्रों की सुरक्षा व्यवस्था पर भी बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं. जब मोबाइल फोन पूरी तरह प्रतिबंधित थे, तो फिर छात्र उसे अंदर कैसे ले गया, यह सबसे बड़ा सवाल बन गया है. विशेषज्ञों का मानना है कि प्रवेश के समय जांच प्रक्रिया में कहीं न कहीं ढिलाई हुई है, जिसका फायदा उठाया गया.

कई अभ्यर्थियों और अभिभावकों ने भी मांग की है कि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए सुरक्षा व्यवस्था को और कड़ा किया जाए, ताकि मेहनत करने वाले छात्रों के साथ अन्याय न हो.

पटना विश्वविद्यालय की एलएलबी एंट्रेंस परीक्षा में पेपर वायरल की घटना ने एक बार फिर परीक्षा प्रणाली की चुनौतियों को सामने ला दिया है. हालांकि जैमर की वजह से बड़ा नुकसान टल गया, लेकिन यह साफ हो गया कि सुरक्षा में थोड़ी सी चूक भी बड़ी परेशानी खड़ी कर सकती है. अब सभी की नजर विश्वविद्यालय प्रशासन की जांच पर टिकी है. अगर दोषियों पर सख्त कार्रवाई होती है, तो यह भविष्य के लिए एक बड़ा संदेश होगा कि परीक्षा में गड़बड़ी करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By अंबर कुमार

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >