8 दिनों से लापता युवक का नहीं मिला सुराग: आक्रोशित ग्रामीणों ने मोकामा-बख्तियारपुर फोरलेन किया जाम, अपहरण की आशंका

अथमलगोला में 8 दिनों से लापता युवक अमन कुमार के मामले में परिजनों और ग्रामीणों ने मोकामा-बख्तियारपुर फोरलेन को जाम कर दिया है. अपहरण की आशंका में हो रहे इस प्रदर्शन से यातायात बाधित हुआ है.

बाढ़/अथमलगोला (पटना). अथमलगोला थाना क्षेत्र से पिछले आठ दिनों से रहस्यमय परिस्थितियों में लापता अमन कुमार का अब तक कोई सुराग नहीं मिल सका है. अनहोनी की आशंका से आक्रोशित परिजनों और सैकड़ों ग्रामीणों ने शनिवार को सूर्यपूरा गांव के समीप मोकामा-बख्तियारपुर फोरलेन (NH-31) को पूरी तरह जाम कर दिया. लगभग तीन घंटे तक सड़क पर आगजनी और प्रदर्शन से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं. प्रदर्शनकारी पुलिस प्रशासन और स्थानीय विधायक के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए वरीय पुलिस अधिकारियों को मौके पर बुलाने की मांग कर रहे थे.

पार्टी के बहाने पटना बुलाकर स्कॉर्पियो से ले जाने का आरोप

परिजनों के अनुसार, अमन पटना के महेंद्रू स्थित एक ट्रेनिंग कॉलेज में कार्यरत थे और पिछले 15 दिनों से घर पर ही रह रहे थे. इसी बीच उनके चचेरे भाई ने फोन कर पार्टी में शामिल होने के लिए उन्हें पटना बुलाया. अमन अपने दोस्त ऋषभ के साथ ट्रेन पकड़कर पटना रवाना हुए. आरोप है कि पटना पहुंचते ही कुछ लोगों ने दोनों को एक स्कॉर्पियो में जबरन बैठा लिया और फतुहा की ओर ले गए.

दोस्त को रास्ते में पीटा, अमन को ले भागे बदमाश

पीड़ित दोस्त ऋषभ ने घर लौटने के बाद परिजनों को बताया कि रास्ते में उसके साथ मारपीट की गई. फतुहा स्थित छपाक वाटर पार्क के पास बदमाशों ने उसे थप्पड़ मारकर गाड़ी से नीचे धकेल दिया और अमन को अगवा कर तेजी से आगे निकल गए. ऋषभ के इस खुलासे के बाद परिजनों के होश उड़ गए और उन्होंने तुरंत अथमलगोला थाने पहुंचकर एक नामजद समेत चार अज्ञात के खिलाफ अपहरण की प्राथमिकी दर्ज कराई.

सफेद स्कॉर्पियो बरामद, एक संदिग्ध हिरासत में

मामला दर्ज होते ही पुलिस हरकत में आई और छानबीन शुरू की. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना में प्रयुक्त बताई जा रही सफेद रंग की स्कॉर्पियो गाड़ी को बरामद कर लिया है. साथ ही एक संदिग्ध युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कॉल डिटेल्स और तकनीकी अनुसंधान के जरिए सभी कड़ियों को जोड़ा जा रहा है और जल्द ही लापता युवक को सकुशल बरामद कर लिया जाएगा.

सुरक्षित बरामदगी की मांग पर अड़े परिजन

दूसरी ओर, युवक के गायब होने के आठ दिन बीत जाने के बाद भी ठोस सुराग न मिलने से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. फोरलेन जाम कर रहे ग्रामीणों का कहना था कि पुलिस की सुस्त कार्यशैली के कारण परिजनों में भारी बेचैनी है. जब तक वरीय अधिकारी मौके पर आकर ठोस आश्वासन नहीं देते और अमन की सकुशल बरामदगी सुनिश्चित नहीं होती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा.

Also Read: पटना में स्मैक सिंडिकेट का भंडाफोड़: 593 ग्राम स्मैक और 3 लाख कैश के साथ तस्कर गिरफ्तार

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Jaymani kumar barh

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >