प्रशांत किशोर बोले- नीतीश के नाम पर मिला जनादेश, CM बना कोई और, NDA पर वादा तोड़ने का भी लगाया आरोप

Bihar Politics: किशनगंज में प्रशांत किशोर ने नई बिहार सरकार पर तीखा हमला बोला. उन्होंने सम्राट चौधरी को ‘पिछले दरवाजे से बना CM’ बताया और NDA पर जनता के जनादेश के साथ धोखा करने का आरोप लगाया.

Bihar Politics: जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर ने गुरुवार को किशनगंज में नई सरकार पर सवाल खड़े किए. उन्होंने कहा कि बिहार की जनता ने वोट नीतीश कुमार के नाम पर दिया था, लेकिन मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को बना दिया गया. इसे उन्होंने जनता के साथ धोखा बताया.

प्रशांत किशोर ने आरोप लगाया कि सम्राट चौधरी को ‘पिछले दरवाजे से’ मुख्यमंत्री बनाया गया है. उनके मुताबिक यह प्रक्रिया न तो लोकतांत्रिक है और न ही गरिमापूर्ण.

चुनाव में गड़बड़ी के गंभीर आरोप

पीके ने बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर भी बड़ा दावा किया. उन्होंने कहा कि 202 सीटों का जनादेश लोगों को नकद पैसे बांटकर और चुनाव आयोग की मिलीभगत से हासिल किया गया. हालांकि, इन आरोपों पर किसी आधिकारिक पुष्टि की बात सामने नहीं आई है.

NDA पर वादाखिलाफी का आरोप

उन्होंने कहा कि एनडीए ने चुनाव ‘ 25 से 30, फिर से नीतीश’ के नारे पर लड़ा था, लेकिन अब इससे पीछे हट गया है. प्रशांत किशोर के अनुसार, यह बिहार की जनता के भरोसे के साथ सीधा विश्वासघात है. प्रशांत किशोर ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की एजुकेशनल क्वालिफिकेशन और पुराने रिकॉर्ड पर भी सवाल उठाए. उन्होंने भाजपा के ‘चाल, चरित्र और चेहरा’ के नारे को भी कटघरे में खड़ा किया.

‘रिमोट कंट्रोल से चल रही सरकार’

पीके ने दावा किया कि बिहार की सत्ता का नियंत्रण राज्य में नहीं, बल्कि बाहर से हो रहा है. उन्होंने कहा कि सरकार का ‘रिमोट कंट्रोल’ केंद्र के बड़े नेताओं के हाथ में है और इससे बिहार के हित प्रभावित हो सकते हैं.

शराबबंदी और बड़े वादों पर भी घेरा

प्रशांत किशोर ने कहा कि सरकार आगे चलकर शराबबंदी कानून में बदलाव कर सकती है, लेकिन सामने से बोलने की हिम्मत नहीं है. उन्होंने यह भी कहा कि एनडीए को अपने बड़े वादों- जैसे रोजगार, पलायन रोकने और शिक्षा सुधार पर काम करना चाहिए.

उन्होंने अपनी पार्टी का जिक्र करते हुए कहा कि जन सुराज को 17 लाख लोगों का समर्थन मिला है, जो भविष्य की राजनीति के लिए एक मजबूत आधार है.

Also Read: शपथ के बाद फुल एक्शन में CM सम्राट, अफसरों की लगाई क्लास, प्रधान सचिवों को दिया ये टास्क

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Abhinandan pandey

भोपाल से शुरू हुई पत्रकारिता की यात्रा ने बंसल न्यूज (MP/CG) और दैनिक जागरण जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में अनुभव लेते हुए अब प्रभात खबर डिजिटल तक का मुकाम तय किया है. वर्तमान में पटना में कार्यरत हूं और बिहार की सामाजिक-राजनीतिक नब्ज को करीब से समझने का प्रयास कर रहा हूं. गौतम बुद्ध, चाणक्य और आर्यभट की धरती से होने का गर्व है. देश-विदेश की घटनाओं, बिहार की राजनीति, और किस्से-कहानियों में विशेष रुचि रखता हूं. डिजिटल मीडिया के नए ट्रेंड्स, टूल्स और नैरेटिव स्टाइल्स के साथ प्रयोग करना पसंद है.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >