पटना. संजय गांधी जैविक उद्यान (पटना जू) का स्थापना दिवस 22 जून को मनाया जायेगा. इस साल इसकी स्थापना के 51 साल पूरे होने जा रहा है. ऐसे में जू प्रशासन की ओर से जू को सजाया गया है. शनिवार को वन एवं पर्यावरण मंत्री डॉ प्रेम कुमार जिराफ के बाड़े की पीछे बने पाेस्टमार्टम कक्ष का उद्घाटन करेंगे. इससे पहले यह कक्ष जू के हॉस्पिटल के पास था. वहीं सेंट्रल जू ऑथोरिटी की गाइडलाइन के अनुसार पोस्टमार्टम कक्ष को जू हॉस्पिटल से दूर होना चाहिए. विभाग की अनुमति के बाद 16 लाख रुपये की लागत से इसे तैयार किया गया है. अब जानवरों के पोस्टमार्टम के लिए चिकित्सकों को परेशानी नहीं होगी. 152 एकड़ में बने पटना जू की स्थापना 1973 में हुई थी. यहां पर लगभग 91 प्रजातियों के 1200 से ज्यादा जानवर हैं. गैंडा संरक्षण व प्रजनन में विश्व के दूसरे स्थान और भारत में पहले स्थान पर पटना जू है. पटना जू के विकास और सुविधाओं पर 600 करोड़ रुपये खर्च होंगे.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
