Patna Road Accident : फुलवारी शरीफ के गौरीचक थाना क्षेत्र के अंडारी गांव निवासी पिकअप चालक नागेंद्र राम की बिहार शरीफ में हुए सड़क हादसे में घायल होने के छह दिन बाद पीएमसीएच में इलाज के दौरान मौत हो गयी. 17 अगस्त को इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया. मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया. मां, पिता, भाई-बहन समेत अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
सामान लेकर बिहार शरीफ गया था नागेंद्र
मृतक नागेंद्र राम, पिता अवधेश राम, अंडारी, पोस्ट जैतिया, थाना गौरीचक, जिला पटना का रहने वाला था. बताया जाता है कि नागेंद्र पिकअप चलाकर सामान लेकर बिहार शरीफ गया था. इसी दौरान वहां सड़क हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया. स्थानीय पुलिस ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए पटना भेज दिया.
छह दिन तक पीएमसीएच में चला इलाज
हादसे की जानकारी मिलने के बाद परिजन गंभीर रूप से घायल नागेंद्र को पीएमसीएच लेकर पहुंचे. यहां पिछले छह दिनों से उसका इलाज चल रहा था. चिकित्सकों के प्रयास के बावजूद 17 अगस्त को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गयी.
कमाने वाले सदस्य की मौत से परिवार पर संकट
नागेंद्र की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. बताया जाता है कि वह गरीब परिवार का कमाने वाला सदस्य था और उसके छोटे-छोटे बच्चे हैं. परिवार की आर्थिक जिम्मेदारी नागेंद्र के कंधों पर थी. उसकी मौत के बाद परिवार के सामने भरण-पोषण का संकट खड़ा हो गया है.
मुआवजा और आर्थिक मदद की मांग
स्थानीय लोगों ने प्रशासन और सरकार से मृतक के परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की है. लोगों ने परिवार और छोटे बच्चों के भरण-पोषण के लिए आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की भी अपील की है.
