पटना: फतुहा में युवक को मारी गोली, गंभीर हालत में PMCH रेफर, अज्ञात बदमाश घटना के बाद फरार

पटना जिले के फतुहा में गुरुवार को दिनदहाड़े एक युवक को गोली मार दी गई. जांघ में गंभीर चोट लगने के बाद उसे पटना मेडिकल कॉलेज अस्पताल (पीएमसीएच) रेफर किया गया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

Patna Crime news: पटना जिले के फतुहा थाना क्षेत्र अंतर्गत गोविंदपुर स्थित बजरंगबली मंदिर के समीप गुरुवार को दिनदहाड़े अज्ञात बदमाशों ने एक युवक को गोली मार दी. घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई. गोली की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर जुट गए, जबकि हमलावर वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए.

जांघ में लगी गोली, पीएमसीएच किया गया रेफर

घायल युवक की पहचान मौजीपुर निवासी 26 वर्षीय धर्मेंद्र कुमार के रूप में हुई है. बताया जाता है कि गोली उसकी जांघ में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा.

स्थानीय लोगों की मदद से उसे तत्काल इलाज के लिए फतुहा अस्पताल पहुंचाया गया. वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए पटना मेडिकल कॉलेज अस्पताल (पीएमसीएच) रेफर कर दिया.

पुलिस ने शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलते ही फतुहा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया. पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है तथा घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं.

हमलावरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है.

आपसी रंजिश समेत कई बिंदुओं पर जांच

फिलहाल गोलीबारी के पीछे के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है. पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है.

प्रारंभिक जांच में आपसी रंजिश सहित अन्य संभावित कारणों को भी जांच के दायरे में रखा गया है. पुलिस का कहना है कि मामले की गहन छानबीन की जा रही है और जल्द ही घटना में शामिल बदमाशों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा.

इलाके में दहशत का माहौल

दिनदहाड़े हुई इस गोलीबारी की घटना से गोविंदपुर और आसपास के क्षेत्रों में दहशत का माहौल है. स्थानीय लोगों ने इलाके में पुलिस गश्त बढ़ाने और अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Sudhir kumar singh

Published by: Nikhil Anurag

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >