Patna Road Accident : मनेर थाना क्षेत्र के गोपालपुर छठ घाट पानशाला के समीप मंगलवार रात दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गयी. हादसे में एक बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गयी, जबकि तीन वर्षीय बच्ची समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गये. घायलों को अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है.
बेटी के साथ ससुराल जा रहा था जितेश
पालीगंज के धुरन बीघा निवासी जितेश कुमार अपनी पत्नी की डिलीवरी के लिए मनेर के नरहन्ना स्थित ससुराल आया था. तिलहरी गांव स्थित निजी नर्सिंग होम में उसकी पत्नी का प्रसव हुआ था. मंगलवार रात जितेश अपनी तीन वर्षीय बेटी अनुराधा कुमारी के साथ बाइक से ससुराल खाना लाने जा रहा था.
तेज रफ्तार बाइक ने सामने से मारी टक्कर
बताया गया कि गोपालपुर-पानशाला सड़क के समीप विपरीत दिशा से तेज रफ्तार में आ रही बाइक ने जितेश की बाइक में जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि जितेश की मौके पर ही मौत हो गयी. हादसे में उसकी बेटी अनुराधा समेत दूसरी बाइक पर सवार दो लोग भी गंभीर रूप से घायल हो गये. दोनों बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गयीं.
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
घटना की सूचना मिलते ही मनेर पुलिस मौके पर पहुंची और जितेश के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडलीय अस्पताल भेज दिया. हादसे की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया. घायलों की हालत गंभीर बतायी जा रही है.
Also Read : Bihar Train Viral Video: ट्रेन के गेट पर लटके यात्री, खौफनाक सफर का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल
