Patna Student Protest: मंत्रियों का इस्तीफा मांगते प्रदर्शनकारी छात्रों का दिनभर हंगामा, गुरुवार से अनिश्चितकालीन अनशन

जेपी गोलंबर के पास छात्रों ने राजभवन मार्च के लिए उग्र प्रदर्शन किया. पुलिस ने छात्रों को रोकने के लिए लाठीचार्ज, आंसू गैस और वॉटर कैनन का इस्तेमाल किया. जानें इस घटना का पूरा विवरण.

6:51 PM. 22 Jul 26 6:51 PM. 22 Jul

गुरुवार से अनिश्चितकालीन अनशन पर बैठ सकते हैं छात्र

पटना में आज हुआ हंगामा शाम तक शांत हो गया है. फिलहाल पुलिस टीम प्रभावित इलाकों में कैंप कर रही है. कई छात्र और पुलिसकर्मी दिनभर चले पत्थरबाजी और लाठीचार्ज में घायल हुए हैं. उनका इलाज भी कराया जा रहा है. पुलिस ने कई प्रदर्शनकारी छात्रों को हिरासत में लिया है, उनसे पूछताछ की जा रही है. यह भी जानकारी मिल रही है कि प्रदर्शनकारी छात्र गुरुवार 23 जुलाई से गांधी मैदान में अनिश्चितकालीन अनशन पर भी बैठ सकते हैं. हालांकि इसकी अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है. इस बीच प्रभात खबर रिपोर्टर की एक प्रदर्शनकारी छात्र से हुई बातचीत सुनिए...

6:46 PM. 22 Jul 26 6:46 PM. 22 Jul

फिलहाल सब कंट्रोल में है - शैलजा, सिटी एसपी (पूर्वी)

पटना की सिटी एसपी (पूर्वी) शैलजा में कहा है कि दिन में कुछ लोगों के द्वारा पत्थरबाजी की गई थी. पत्थर कहां से आए, इसका पता लगा रहे हैं. कई पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं. सभी को अस्पताल भेजा गया है. कई छात्रों को हमने डिटेन किया है, उन्हें पूछताछ के लिए ले गए हैं. जांच में जो भी बातें आएंगी, उनपर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

6:30 PM. 22 Jul 26 6:30 PM. 22 Jul

छात्रों और पुलिसकर्मियों ने एकदूसरे पर लगाए आरोप

पटना में आज करीब छह घंटे तक चला प्रदर्शन शाम होते-होते थम गया है. राजधानी के हृदय स्थल कहे जाने वाले डाकबंगला चौराहे पर इस दौरान माहौल पूरी तरह अस्त-व्यस्त रहा. प्रभात खबर रिपोर्टर ने इस दौरान एक घायल छात्र और एक घायल पुलिसकर्मी से बात करके उनकी परिस्थितियां समझने की कोशिश की. दोनों ही पक्षों ने एकदूसरे पर पहले लाठीचार्ज और पत्थरबाजी करने के आरोप लगाए. पूरा वीडियो यहां देखें...

6:17 PM. 22 Jul 26 6:17 PM. 22 Jul

तस्वीरों में देखिए दिन भर का पूरा घटनाक्रम

आज गांधी मैदान से निकले छात्र मुख्यमंत्री आवास की ओर बढ़े तो रास्ते में पुलिस ने बैरिकेडिंग कर उन्हें रोकने की कोशिश की. इस दौरान प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की हुई, जिससे कई घंटों तक डाकबंगला चौराहे से लेकर हड़ताली मोड़ और पटेल गोलंबर तक के इलाके में तनाव का माहौल बन गया. दिन भर का पूरा घटनाक्रम प्रभात खबर रिपोर्टर्स के द्वारा भेजी गई 10 तस्वीरों में यहां क्लिक कर देखिए...

6:12 PM. 22 Jul 26 6:12 PM. 22 Jul

डाकबंगला पर सामान्य हुआ ट्रैफिक

दिन भर चले हंगामे के बाद अब डाकबंगला चौराहा और आसपास के इलाकों में ट्रैफिक सामान्य हो गया है. हालांकि भारी संख्या में पुलिस और सुरक्षा बल तैनात हैं. पुलिस टीम अभी भी प्रदर्शनकारियों की पहचान कर उन्हें हिरासत में ले रही है. इस बीच पटना के जोनल आईजी जितेंद्र राणा को पैर में चोट लगी है. उनके लिए दवा मंगाई गई है.

5:42 PM. 22 Jul 26 5:42 PM. 22 Jul

प्रदर्शनकारियों को खोज-खोजकर पकड़ रहे सुरक्षाकर्मी

पटना में आज दिनभर हंगामा चलता रहा. डाकबंगला चौराहा पर शाम के वक्त प्रदर्शनकारी छात्रों को हटाने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज के साथ ही आंसू गैस के गोले भी दागे. अब पुलिस और सुरक्षाकर्मी खोज-खोजकर सभी को पकड़ रहे हैं. चौराहा के पास बने टीओपी में कुछ छात्रों को हिरासत में रखा गया है. इस पूरे हंगामे में कई छात्रों के साथ पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं. फिलहाल पटना शहर से मुख्य इलाकों, डाकबंगला से जंक्शन, हड़ताली मोड़ के आसपास आम जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है.

5:02 PM. 22 Jul 26 5:02 PM. 22 Jul

डाकबंगला चौराहे पर पुलिस ने आंसू गैस के गोले दागे

पटना शहर के हृदय स्थल कहे जाने वाले डाकबंगला चौराहे पर हालात बिगड़ गए हैं. भीड़ हटाने के मकसद से सुरक्षाकर्मियों ने पहले लाठीचार्ज किया, जिसके बाद उग्र हुए छात्रों ने भी तेज पत्थरबाजी कर दी. फिर पुलिस ने आंसू गैस के गोले भी दागे हैं. पुलिस की कई गाड़ियों में तोड़-फोड़ की गई है. चौराहा और आसपास के इलाके में सड़क पर सड़क पर ईंट-पत्थर, टूटे चप्पल-जूते दिख रहे हैं.

4:56 PM. 22 Jul 26 4:56 PM. 22 Jul

प्रदर्शनकारियों के बीच आपस में ही हुई जोरदार बहस, देखें वीडियो...

4:45 PM. 22 Jul 26 4:45 PM. 22 Jul

डाकबंगला चौराहा पर लाठीचार्ज कर प्रदर्शनकारी छात्रों को खदेड़ रहे सुरक्षाकर्मी

बेली रोड पर हड़ताली मोड़, विकास भवन के पास रुक-रुककर हो रही पत्थरबाजी के बीच पटना पुलिस ने डाकबंगला चौराहे पर लाठीचार्ज शुरू कर दिया है. शहर के इस मुख्य स्थल पर सुबह से ही हजारों प्रदर्शनकारी छात्र डटे हुए थे. DM और SSP ने खुद जायजा लिया था और एहतियात के तौर पर BSF-CRPF जवानों को भी तैनात किया गया था. अब पुलिस व सुरक्षाकर्मी इलाके को खाली कराने के मकसद से छात्रों पर लाठीचार्ज कर रहे हैं. हालांकि लाठीचार्ज से उग्र हुए छात्रों ने भी पुलिस और सुरक्षाबलों पर पत्थरबाजी कर दी है.

4:28 PM. 22 Jul 26 4:28 PM. 22 Jul

सीएम आवास के पास झड़प में घायल हुए छात्र

प्रदर्शन के दौरान छात्रों का समूह सीएम आवास के पास पटेल गोलंबर तक पहुंच गया. यहां पुलिसकर्मियों पर पत्थरबाजी के बाद प्रदर्शनकारी छात्रों पर लाठीचार्ज किया गया. इस लाठीचार्ज में कई छात्र घायल हो गए हैं. वहीं पत्थरबाजी में पुलिसकर्मियों को भी चोट आई है.

4:05 PM. 22 Jul 26 4:05 PM. 22 Jul

CM हाउस के पास प्रदर्शनकारी छात्रों-पुलिसकर्मियों में झड़प

पटना में प्रदर्शनकारी छात्रों का जत्था सीएम आवास के पास पटेल गोलंबर तक पहुंच गया है. यहां पर मौजूद सुरक्षाकर्मियों पर छात्रों ने पत्थरबाजी की है. इसके जवाब में मौजूद पुलिसकर्मियों ने लाठीचार्ज किया है.

3:52 PM. 22 Jul 26 3:52 PM. 22 Jul

सदाकत आश्रम के बाहर भाजपा-कांग्रेस कार्यकर्ता भी भिड़े

पटना में छात्रों के प्रदर्शन के बीच ही प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय सदाकत आश्रम के पास भाजपा कार्यकर्ताओं से कांग्रेस कार्यकर्ताओं की भी भिड़ंत हो गई. भाजपा नेता-कार्यकर्ता सदाकत आश्रम के पास इसी मामले को लेकर राहुल गांधी के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे थे. इस दौरान दोनों ओर खूब लाठी-डंडे भी चले. दोनों ही पार्टियों के कई कार्यकर्ता घायल भी हुए हैं, जिन्हें विभिन्न नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है.

3:40 PM. 22 Jul 26 3:40 PM. 22 Jul

सचिवालय के पास सरकारी कार्यक्रमों के पोस्टर फाड़े

पटना शहर में जारी हंगामे के बीच प्रदर्शनकारी छात्रों का समूह सचिवालय के आसपास तक पहुंच गया है. विकास भवन के पास लगे सरकारी कार्यक्रमों के पोस्टर फाड़े गए हैं. इससे पहले हंगामे को देखते हुए विधानसभा, सीएम आवास समेत सभी संवेदनशील इलाकों की सुरक्षा बढ़ा दी गई है.

3:18 PM. 22 Jul 26 3:18 PM. 22 Jul

डाकबंगला चौराहे से लेकर हड़ताली मोड़ तक छात्रों का हंगामा, DM-SSP उतरे

हजारों छात्र डाकबंगला चौराहे पर लगातार डटे हुए हैं. पटना के DM और SSP छात्रों को समझाने में लगे हैं. हालांकि छात्र उनकी बात नहीं मान रहे हैं. इससे आगे सैकड़ों छात्र बेली रोड होते हुए विकास भवन तक पहुंच गए हैं. इसकी वजह से हड़ताली मोड़ तक जाम की स्थिति बन गई है.

2:52 PM. 22 Jul 26 2:52 PM. 22 Jul

BJP की झंडे लगी गाड़ियों पर हमला कर रहे छात्र

प्रदर्शनकारी छात्रों ने अब भाजपा नेताओं को निशाना बनाना शुरू कर दिया है. डाकबंगला चौराहा पर भाजपा का झंडा लगी गाड़ियों पर पत्थरबाजी की गई है. फार्च्यूनर को भी निशाना बनाया गया है. इससे पहले भाजपा के एक विधायक की गाड़ी को भी खदेड़ दिया गया. सभी प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेने का आदेश जारी किया गया है.

2:45 PM. 22 Jul 26 2:45 PM. 22 Jul

पटना में छात्रों का गुस्सा फूटने के बाद BSF-CRPF की तैनाती

पटना के बेली रोड पर पहुंचे छात्रों का प्रदर्शन ज्यादा हंगामेदार हो गया है. प्रदर्शनकारी छात्र हाई कोर्ट से आगे हड़ताली मोड़ तक पहुंच गए हैं. इधर डाकबंगला चौराहा पर हंगामा को संभालने के लिए BSF और CRPF जवानों की तैनाती की गई है.

2:20 PM. 22 Jul 26 2:20 PM. 22 Jul

छात्रों की भीड़ बेली रोड की ओर बढ़ी, मीडिया कर्मियों पर किया हमला

हंगामे के दौरान प्रदर्शनकारी छात्रों की भीड़ डाकबंगला चौराहे से आगे बढ़कर इन्कम टैक्स गोलंबर होते हुए बेली रोड की ओर बढ़ गई है. हाई कोर्ट के आसपास भी छात्रों की भीड़ लगने लगी है. इस बीच प्रदर्शनकारी छात्रों ने प्रभात खबर के रिपोर्टर समेत कई नेशनल-लोकल चैनलों के मीडियाकर्मियों पर भी हमला किया है. उनके कपड़े फाड़े गए हैं, मोबाइल-कैमरा छीनने और फेंकने की कोशिश की गई है. इसमें कई मीडियाकर्मियों को चोटें भी आई हैं. छात्रों ने इस दौरान आपत्तिजनक नारेबाजी भी की है.

2:07 PM. 22 Jul 26 2:07 PM. 22 Jul

पुलिस और छात्रों के बीच झड़प से संबंधित वीडियो देखें...

2:05 PM. 22 Jul 26 2:05 PM. 22 Jul

डाकबंगला चौराहा पर पुलिस-प्रदर्शनकारी छात्रों की झड़प

छात्रों ने जेपी गोलंबर के बैरिकेड़िंग को तोड़ दिया और काफी संख्या में डाकबंगला चौराहा पर पहुंच गये. छात्रों के प्रदर्शन और हंगामे के कारण एसएसपी कार्तिकेय शर्मा, पटना सदर एसडीएम काम्या मिश्रा को भी आना पड़ा. लेकिन हंगामा नहीं थमा. इसके बाद आइजी जितेंद्र राणा, डीएम कुंदन कुमार भी पहुंचे. जहां आइजी की एस्कॉर्ट गाड़ी पर छात्रों ने हमला कर दिया. साथ ही डाकबंगला चौराहा की भी बैरिकेड़िंग को तोड़ दिया है. हालांकि स्थिति तुरंत ही नियंत्रित कर ली गई लेकिन छात्रों ने डाकबंगला चौराहा पर ही घेराबंदी कर दी और हंगामा-प्रदर्शन कर रहे हैं.

1:31 PM. 22 Jul 26 1:31 PM. 22 Jul

प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर पुलिस का लाठीचार्ज

राजभवन मार्च में शामिल छात्रों के जेपी गोलंबर पहुंचते ही पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया. बैरिकेडिंग के पास छात्रों के पहुंचते ही पुलिस ने छात्रों पर लाठी चार्ज करते हुये वाटर कैनन का इस्तेमाल किया.

1:23 PM. 22 Jul 26 1:23 PM. 22 Jul

गांधी मैदान समेत आसपास के इलाकों में लगा जाम

प्रदर्शन और पुलिस कार्रवाई के कारण पूरे गांधी मैदान और आसपास के इलाकों में घंटों यातायात बाधित रहा है. राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा. इसके कारण एग्जीविशन रोड, बाकरगंज व अन्य इलाके में जाम की समस्या हो गयी और वाहनों की लंबी लाइन लग गयी. इसके अलावा डाकबंगला चौराहा छात्रों के पहुंचते ही फ्रेजर रोड, आयकर गोलंबर, न्यू डाकबंगला रोड आदि इलाकों में भी जाम की स्थिति हो गयी.

1:17 PM. 22 Jul 26 1:17 PM. 22 Jul

Patna Student Protest: मंत्रियों का इस्तीफा मांगते प्रदर्शनकारी छात्रों का दिनभर हंगामा, गुरुवार से अनिश्चितकालीन अनशन

नीट पेपर लीक मामले, जंतर-मंतर पर लाठीचार्ज और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर बुधवार को छात्र राजभवन मार्च के लिये निकले. राजभवन मार्च में शामिल छात्रों के जेपी गोलंबर पहुंचते ही पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया. ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन के नेतृत्व में हजारों की संख्या में एकजुट होकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर रहे थे. राजभवन मार्च के शामिल छात्रों ने कहा कि शिक्षा व्यवस्था में भ्रष्टाचार और शिक्षा के निजीकरण के खिलाफ देश भर में चल रहे आंदोलन के समर्थन में आगे भी छात्रों का प्रदर्शन जारी रहेगा.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Anjani Pandey

अंजनी पांडेय 10 से अधिक वर्षों से हिंदी डिजिटल मीडिया में सक्रिय. बिहार के स्थानीय-क्षेत्रीय मुद्दों से लेकर राजनीतिक-सामाजिक गतिविधियों से जुड़ी खबरों के संपादन-प्रकाशन के साथ ही न्यूज़रूम ऑपरेशन्स, सोशल मीडिया कम्यूनिकेशन और पब्लिक मैसेजिंग का भी व्यावहारिक अनुभव. कंटेंट डेवलपमेंट, ब्रेकिंग न्यूज मैनेजमेंट और ऑडियंस इंगेजमेंट में विशेषज्ञता. गूगल-रॉयटर्स से डिजिटल जर्नलिज्म और AI से जुड़े विषयों पर प्रमाणिकता हासिल की है.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >