Patna Student Protest: दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्रों पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में बुधवार को पटना में बड़ा प्रदर्शन हुआ. छात्र गांधी मैदान से मार्च निकालकर डाकबंगला चौराहा, कोतवाली थाना और राजभवन रोड तक पहुंच गए. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के आवास से पहले पुलिस ने उन्हें रोक दिया. इसके बाद कुछ प्रदर्शनकारी बीजेपी कार्यालय की ओर बढ़ने लगे, जिससे वहां सुरक्षा और बढ़ा दी गई.
कई घंटे तक पुलिस और छात्रों के बीच झड़प
पुलिस ने जगह-जगह बैरिकेडिंग लगाकर छात्रों को रोकने की कोशिश की, लेकिन प्रदर्शनकारी आगे बढ़ते रहे. करीब 6 घंटे तक कई जगह पुलिस और छात्रों के बीच झड़प होती रही. हालात काबू में करने के लिए पुलिस ने वाटर कैनन चलाया, कई बार लाठीचार्ज किया और आंसू गैस के गोले भी छोड़े.
कई छात्र, पुलिसकर्मी और पत्रकार घायल
झड़प के दौरान कई छात्र, पुलिसकर्मी और कुछ पत्रकार घायल हो गए. पटना के IG जितेंद्र राणा भी इस दौरान घायल हुए. पूरे घटनाक्रम में कई लोगों को चोटें आईं और मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा.
विधानसभा गेट बंद, सुरक्षा और कड़ी
छात्र आंदोलन को देखते हुए बिहार विधानमंडल के मुख्य गेट को एहतियातन बंद कर दिया गया. सिर्फ पैदल आने-जाने वालों को बाहर निकलने की अनुमति दी गई. विधान परिषद की कार्यवाही समाप्त होने के बाद पूरे परिसर की सुरक्षा और बढ़ा दी गई.
शहरभर में जाम, कई दुकानों के शटर गिरे
प्रदर्शन का असर पूरे पटना शहर में देखने को मिला. डाकबंगला चौराहा और आसपास के इलाकों में कई दुकानदारों ने एहतियात के तौर पर अपनी दुकानें बंद कर दीं. शहर के कई प्रमुख चौराहों पर लंबा जाम लगा रहा. मार्च के कारण कई रास्तों पर आवाजाही भी प्रभावित हुई.
बिहार की ताजा खबरों के लिए क्लिक करें
प्रशांत किशोर ने क्या कहा
छात्र प्रदर्शन पर जन सुराज पार्टी के सूत्रधार प्रशांत किशोर ने कहा कि युवाओं और छात्रों का गुस्सा लंबे समय से दबा हुआ था. उन्होंने आरोप लगाया कि बिहार में बार-बार पेपर लीक हो रहे हैं और अभ्यर्थियों को नौकरी नहीं मिल रही है. इसी वजह से छात्रों का आक्रोश अब सड़कों पर दिखाई दे रहा है.
