Patna News (बिहटा से मोनु कुमार मिश्रा की रिपोर्ट)
पटना जिले के बिहटा थाना अंतर्गत सिकंदरपुर स्थित दिव्य धाम माचा स्वामी आश्रम की जमीन फर्जी दस्तावेज के आधार पर बेचने के आरोप में बिहटा थाना पुलिस ने आश्रम के पुजारी शशि भूषण तिवारी को गिरफ्तार किया है. आरोपी भोजपुर जिले के आरा मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के बड़ी सनादिया गांव का रहने वाला बताया जा रहा है.
जांच के बाद पुलिस ने की कार्रवाई
मामले को लेकर स्वामी सुदर्शनाचार्य महाराज की ओर से बिहटा थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी. आरोप था कि आश्रम की लगभग पांच डिसमिल जमीन गलत तरीके से बेच दी गई है. मामले की गंभीरता को देखते हुए दानापुर एसडीएम के निर्देश पर जांच टीम गठित की गई. जांच में आरोप सही पाए जाने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पुजारी को गिरफ्तार कर लिया.
न्यायिक हिरासत में भेजा गया आरोपी
बताया जाता है कि आरोपी वर्ष 1987 से आश्रम में रहकर सेवा कर रहा था और 2010 में स्वामी सुदर्शनाचार्य महाराज के निधन के बाद आश्रम की देखरेख की जिम्मेदारी उसी के पास थी. इसी दौरान जमीन की खरीद-बिक्री को लेकर विवाद सामने आया. बिहटा थाना अध्यक्ष अमित कुमार ने बताया कि कांड संख्या 306/26 के तहत धारा 406 और 420 में मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया है. पूछताछ के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है.
Also Read: बिहार के मदरसा और संस्कृत स्कूलों की होगी जांच, फर्जी संस्थानों पर लगेगा ताला, शिक्षा मंत्री का ऐलान
