Patna News: (मोनु कुमार मिश्रा, की रिपोर्ट) बिहटा.पटना जिले के बिहटा थाना क्षेत्र के कटेसर गांव में सोमवार सुबह एक अधेड़ व्यक्ति का शव पेड़ से लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. मृतक की पहचान 64 वर्षीय शिव साव के रूप में हुई है. घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया है. परिजनों ने हत्या कर शव को पेड़ से लटकाने की आशंका जतायी है, जबकि पुलिस हत्या और आत्महत्या दोनों बिंदुओं पर जांच कर रही है.जानकारी के अनुसार रविवार रात शिव साव का अपने भाइयों के साथ किसी बात को लेकर विवाद और मारपीट हुई थी.
सोमवार सुबह घर से करीब 50 मीटर दूरी पर एक पेड़ से उनका शव लटका मिला. शव मिलने की खबर फैलते ही घटनास्थल पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई.मामले की गंभीरता को देखते हुए बिहटा थाना पुलिस ने एफएसएल टीम को बुलाया. एफएसएल की टीम ने घटनास्थल से कई महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाये हैं. वहीं पुलिस ने मामले में तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है.थानाध्यक्ष अमित कुमार ने बताया कि कटेसर गांव में एक व्यक्ति का शव पेड़ से लटका मिलने की सूचना मिली थी. सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया. उन्होंने कहा कि एफएसएल टीम की मदद से वैज्ञानिक तरीके से जांच की जा रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जायेगी.
ALSO READ: पटना आयुर्वेदिक कॉलेज के शताब्दी समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को बुलाने की तैयारी
