Patna News: (हिमांशु देव) राजधानी पटना में लगातार बढ़ती गर्मी और तेज धूप को देखते हुए पटना नगर निगम ने पेयजल व्यवस्था को और मजबूत करने का निर्णय लिया है. अब शहर के प्रमुख चौक-चौराहों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में लोगों को पीने का पानी उपलब्ध कराने के लिए बड़े क्षमता वाले वाटर टैंकर लगाए जाएंगे.
12 नए टैंकर किराये पर लेगा नगर निगम
नगर निगम शहर में टैंकरों की संख्या बढ़ाकर 25 करने जा रहा है. इसके लिए 12 अतिरिक्त वाटर टैंकर किराये पर लिए जाएंगे. इन टैंकरों की क्षमता 7 हजार लीटर तक होगी, जिससे ज्यादा लोगों को पानी उपलब्ध कराया जा सकेगा.
स्वच्छ पानी के लिए सख्त निर्देश जारी
नगर निगम ने सभी टैंकरों की नियमित सफाई और रोज ताजा पानी भरने का निर्देश दिया है. पानी को दूषित होने से बचाने के लिए टैंकरों के ढक्कन बंद और लॉक रखने को कहा गया है. अधिकारियों को निगरानी की जिम्मेदारी भी सौंपी गई है.
186 पंप हाउसों की भी होगी निगरानी
शहर में जलापूर्ति व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के लिए सभी 186 पंप हाउसों के संचालन की नियमित जांच करने का निर्देश दिया गया है. पटना नगर निगम के पास वर्तमान में करीब 120 किलोमीटर लंबा पाइपलाइन नेटवर्क मौजूद है.
इन प्रमुख जगहों पर लगाए गए हैं वाटर टैंकर
फिलहाल गर्दनीबाग रोड नंबर-2, शिवपुर महेंद्रू, ज्ञान भवन, जीपीओ, हड़ताली मोड़, आयकर गोलंबर और दीप नगर पंप हाउस के पास वाटर टैंकर तैनात किए गए हैं. डाकबंगला चौराहा और गांधी मैदान सहित कई स्थानों पर भी लोगों को पेयजल उपलब्ध कराया जा रहा है.
ALSO READ: पटना में गंगा नदी में पलटी 14 लोगों से भरी नाव, अब तक 3 शव मिले, 4 की तलाश जारी
