Patna NEET Student Death: पटना के एक हॉस्टल में रहकर NEET की तैयारी कर रही छात्रा के साथ दरिंदगी और फिर मौत मामले में जांच तेज हो गई है. घटना की जांच के लिए एसआईटी गठित की गई थी, जिसके बाद आज रविवार को टीम सहज नर्सरी नर्सिंग होम पहुंची. यह अस्पताल IMA के पूर्व अध्यक्ष डॉ. सहजानंद प्रसाद सिंह का है. इसी अस्पताल में छात्रा का सबसे पहले इलाज हुआ था.
डॉक्टर्स और अन्य लोगों से की पूछताछ
जानकारी के मुताबिक, एसआईटी की टीम ने अस्पताल में डॉक्टर्स के अलावा अन्य लोगों से पूछताछ की. घटना को लेकर तमाम जानकारियां ली. यह मामला पूरी तरह राजनीतिक रूप भी ले चुका है. इसके साथ ही आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर आश्वासन दिया जा रहा है. इससे पहले जनसुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर ने छात्रा के परिजनों से मुलाकात की थी. उनका दर्द सुना और एसएसपी से मुलाकात भी की थी.
रोहिणी आचार्य ने किया सवाल
ऐसे में अब रोहिणी आचार्य ने एक्स अकाउंट के जरिये पोस्ट शेयर कर इंसाफ की मांग की. रोहिणी ने अपने पोस्ट में लिखा, ‘फिर से शर्मसार हुआ बिहार. ऐसे में बिहार की मां, बहन, बेटियों और हम सबों की एक ही गुहार: क्या मिलेगा हॉस्टल में दरिंदगी की शिकार हुई बेटी के मामले में वाजिब इंसाफ और कब थमेगा अपने बिहार में बलात्कार?’
मुकेश सहनी ने केंद्र सरकार को लिखा लेटर
इसके अलावा वीआईपी सुप्रीमो मुकेश सहनी ने केंद्र सरकार को एक लेटर लिखा है. लेटर के जरिये मुकेश सहनी ने इस पूरे मामले में सीबीआई जांच की मांग की है. इतना ही नहीं, पूर्णिया के सांसद पप्पू यादव ने भी इस मामले में बड़ा बयान दिया. साथ ही उन्होंने पुलिस पर लापरवाही का आरोप भी लगाया है.
Also Read: Bihar Government: बिहार की महिलाओं को मिलेंगे 10 लाख रुपये, जानिए सरकार की खास योजना
