पटना में हादसा: इको पार्क के पास बाइक सवार पर गिरी पेड़ की टहनी, ट्रैफिक पुलिस ने घायल को पहुंचाया अस्पताल

पटना में इको पार्क के पास एक बड़ा हादसा टलते-टलते बचा, जब चलती बाइक पर अचानक पेड़ की भारी टहनी गिर गई. इस हादसे में बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया. ट्रैफिक पुलिस की तत्परता से उसे समय पर अस्पताल पहुंचाया गया.

Patna News: पटना में इको पार्क के समीप शनिवार को एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते बचा, जब अचानक सड़क किनारे लगे पेड़ की एक भारी टहनी टूटकर चलती बाइक पर गिर पड़ी. इस अप्रत्याशित हादसे में बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया. उसका एक हाथ टूट गया, जबकि पैर में गंभीर चोटें आई हैं. हादसे के तुरंत बाद मौके पर तैनात पटना ट्रैफिक पुलिस के जवानों ने तत्परता दिखाते हुए घायल को अस्पताल पहुंचाया.

चलती बाइक पर गिरी पेड़ की टहनी, हाथ टूटा

घायल युवक की पहचान खगौल के मोती चौक निवासी विजय कृष्ण पाठक के पुत्र आशीष पाठक के रूप में हुई है. शनिवार को वह अपनी बाइक से इको पार्क के समीप मुख्य मार्ग से गुजर रहे थे, तभी अचानक पेड़ की एक बड़ी टहनी सीधे उनके ऊपर गिर गई. टक्कर इतनी जोरदार थी कि वे बाइक सहित सड़क पर गिरकर बुरी तरह चोटिल हो गए. प्राथमिक चिकित्सकीय जांच में उनके हाथ में फ्रैक्चर और पैर में गहरी चोट की पुष्टि हुई है.

ट्रैफिक पुलिस बनी मददगार, बोरिंग रोड के अस्पताल में कराया भर्ती

घटनास्थल के समीप ड्यूटी पर तैनात यातायात पुलिस के जवानों ने बिना समय गंवाए तत्काल राहत कार्य शुरू किया और सड़क पर गिरे घायल युवक को जवानों ने फौरन संभाला और प्राथमिक मदद दी. घायल को तुरंत बोरिंग रोड स्थित उड्डयन अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों की देखरेख में उनका इलाज चल रहा है. पुलिस की सजगता के चलते घायल को समय रहते समुचित चिकित्सीय सुविधा मिल सकी.

खतरनाक पेड़ों और बाधाओं की तत्काल सूचना देने की अपील

ट्रैफिक पुलिस ने नागरिकों से सतर्कता बरतने की अपील की है. पुलिस ने कहा कि यदि सड़क किनारे किसी पेड़ की कमजोर या सूखी टहनी, लटकते तार या अन्य कोई भी खतरनाक बाधा दिखाई दे, तो तुरंत इसकी जानकारी संबंधित वन विभाग, नगर निगम या ट्रैफिक पुलिस को दें, ताकि संभावित हादसों को समय रहते टाला जा सके.

Also Read: 'स्कूटी सीखिए वरना होगा तबादला', पटना में 50% महिला सिपाही नहीं चला पा रहीं स्कूटी, SP ने दी चेतावनी

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By आनंद सिंह कौशिक

आनंद सिंह कौशिक बीते 15 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. रेलवे, मेट्रो, इंफ्रास्ट्रक्चर से जुड़ी खबरों पर विशेष रिपोर्टिंग करते हैं. साथ में पटना समेत बिहार के अपराध और राजनीतिक खबरों में भी रुचि है.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >