Patna Metro: पटना मेट्रो को लेकर एक और अपडेट आ गया है. भूतनाथ से मलाही पकड़ी के बीच मेट्रो को 15 मार्च से चलाने की संभावना जताई गई है. इससे पहले 10 मार्च को कमिश्नर ऑफ मेट्रो रेल सेफ्टी की टीम पटना आएगी. इस दौरान टीम पटना में मेट्रो को एलिवेटेड ट्रैक पर चलाकर देखेगी. इस दौरान जो भी कमियां होंगी, उसे देखा जाएगा. सभी कमियों को दूर करने के बाद 15 मार्च से भूतनाथ और मलाही पकड़ी के बीच रेगुलर परिचालन शुरू हो सकता है.
इस जगह बन रहा एक्सचेंज स्टेशन
जानकारी के मुताबिक, भूतनाथ से मलाही पकड़ी के बीच की दूरी लगभग 2.75 किलोमीटर है. इससे पहले 26 फरवरी को ट्रायल किया गया था. 10 मार्च को सीएमआरएस से परमिशन मिलने के बाद ही 15 मार्च से परिचालन हो सकेगा. जब भूतनाथ और मलाही पकड़ी के बीच रेगुलर मेट्रो चलेगी तो फिलहाल के लिए खेमनीचक स्टेशन पर नहीं रुकेगी.
दरअसल, खेमनीचक में एक्सचेंज स्टेशन बनेगा. इसके निर्माण में अभी काफी समय लग सकता है. इसलिए भूतनाथ से मलाही पकड़ी के बीच यात्रियों को बीच में उतरने की सुविधा नहीं मिलेगी.
इन चार स्टेशनों पर चढ़ने-उतरने की सुविधा
भूतनाथ और मलाही पकड़ी के बीच मेट्रो के चलने से यात्रियों को चार जगहों पर चढ़ने और उतरने की सुविधा मिल सकेगी. भूतनाथ से पाटलिपुत्र बस टर्मिनल तक अभी मेट्रो चलाया जा रहा है. इसमें तीन जगहों भूतनाथ, जीरोमाइल और पाटलिपुत्र बस टर्मिनल पर चढ़ने उतरने की सुविधा है. मलाही पकड़ी तक परिचालन होने से मलाही पकड़ी पर भी लोगों को यह सुविधा मिल सकेगी. इस तरह से चार स्टेशनों पर उतार-चढ़ाव शुरू हो जाएगा.
कितना देना पड़ेगा भाड़ा?
पटना मेट्रो न केवल समय बचाएगी बल्कि आपके बटुए का भी ख्याल रखेगी. मलाही पकड़ी से आईएसबीटी (ISBT) तक के सफर के लिए यात्रियों को लगभग 30 रुपए का किराया देना होगा. वर्तमान में भूतनाथ से आईएसबीटी तक का किराया 15 रुपए है. मार्च में रेगुलर परिचालन शुरू होने की संभावना है. इसके बाद यात्री मलाही पकड़ी, भूतनाथ, जीरो माइल और आईएसबीटी टर्मिनल के बीच 6.2 किलोमीटर लंबे एलिवेटेड ट्रैक पर सुहाने सफर का आनंद ले सकेंगे.
Also Read: बिहार में इस साल जीरो बिजली कट की तैयारी, पटना में बनाए जायेंगे 4 नए पावर सब स्टेशन
