पटना मेट्रो को मिली नई डेडलाइन, 2027 से इन रूटों पर दौड़ेगी मेट्रो, 2028 में शुरू होगा अंडरग्राउंड कॉरिडोर

Patna Metro Project: पटना मेट्रो परियोजना को लेकर बिहार सरकार ने बड़ा फैसला लिया है. मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत ने निर्माण कार्य की रफ्तार दोगुनी करने, 1100 करोड़ रुपये के फंड की उपलब्धता सुनिश्चित करने और नई समय-सीमा तय करने का निर्देश दिया है. पहला एलिवेटेड कॉरिडोर जून 2027 और अंडरग्राउंड हिस्सा 2028 तक शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है.

Patna Metro Project: पटना मेट्रो रेल प्रोजेक्ट के काम को रफ्तार देने के लिए सोमवार को बिहार के मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत की अध्यक्षता में एक हाई-लेवल बैठक हुई. इस बैठक में मेट्रो के काम की जमीनी और वित्तीय स्थिति, तय समय, पैसों की जरूरत और आने वाले समय में ट्रैफिक रूट बदलने के प्लान पर बात की गई.

मुख्य सचिव ने मेट्रो प्रोजेक्ट में छह साल की देरी पर अधिकारियों को साफ लहजे में कहा कि अब काम की स्पीड को दोगुना करना होगा, ताकि तय किए गए नए टारगेट के अंदर काम हर हाल में पूरा हो सके.

काम न रुके, इसलिए 1100 करोड़ के फंड को हरी झंडी

मेट्रो के काम में पैसों की कमी की वजह से कोई रुकावट न आए, इसके लिए मुख्य सचिव ने बड़ा फैसला लिया है. उन्होंने डिपॉजिट वर्क्स के तहत चल रहे कॉन्ट्रैक्ट के लिए 1100 करोड़ रुपये के जरूरी फंड की सप्लाई को लगातार बनाए रखने का निर्देश दिया है. इस फैसले से पैसों की तंगी के कारण अब मेट्रो का काम बीच में नहीं अटकेगा.

ट्रैफिक रूट बदलने से आम जनता को न हो परेशानी

बैठक में विकास भवन, विद्युत भवन और पटना जू (चिड़ियाघर) स्टेशनों के पास बनने वाले नए ट्रैफिक रूट प्लान की भी समीक्षा की गई. मुख्य सचिव ने सख्त निर्देश दिया कि निर्माण कार्य के दौरान आम लोगों को आने-जाने में कम से कम परेशानी होनी चाहिए. सड़कों पर जाम न लगे, इसके लिए उन्होंने पर्याप्त संख्या में ट्रैफिक मार्शल तैनात करने के आदेश दिए हैं.

रास्ते में आने वाले एटीएम और पुलिस बूथ तुरंत हटाने के आदेश

स्टेशनों के निर्माण में आ रही रुकावटों को दूर करने के लिए भी कड़े कदम उठाए गए हैं. मुख्य सचिव ने विकास भवन और विद्युत भवन स्टेशनों के रास्ते में आने वाली बाधाओं को तुरंत हटाने को कहा है. उन्होंने संबंधित विभागों से तालमेल बनाकर वहां मौजूद एसबीआई एटीएम, पुलिस बूथ, फलों की दुकानें और सरकारी इमारतों की बाउंड्री वॉल को बिना देरी हटाकर रास्ता साफ करने का निर्देश दिया है.

जून 2027 में शुरू होगा मीठापुर से खेमनी चक रूट

मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत ने पटना मेट्रो के अलग-अलग हिस्सों को आम जनता के लिए शुरू करने की नई तारीखें तय कर दी हैं. नए प्लान के मुताबिक, कॉरिडोर-1 के तहत मीठापुर से खेमनी चक के बीच 3.1 किलोमीटर लंबे एलिवेटेड रूट को चालू करने का लक्ष्य जून 2027 रखा गया है.

बिहार की ताजा खबरों के लिए क्लिक करें

साल 2028 में अंडरग्राउंड रूट पर दौड़ेगी मेट्रो

इसके साथ ही कॉरिडोर-2 के तहत राजेंद्र नगर स्टेशन-मलाही पकड़ी रैंप से लेकर आकाशवाणी स्टेशन-पटना जंक्शन तक के 8 किलोमीटर लंबे अंडरग्राउंड रूट को चालू करने की समय-सीमा साल 2028 तय की गई है. मुख्य सचिव ने सभी विभागों को मिलकर काम करने और हर हफ्ते प्रोग्रेस रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया है.

इसे भी पढ़ें: सम्राट चौधरी बोले- बिहार में विकास के लिए पैसे की कोई कमी नहीं, हर महीने की 10 तारीख को आ रही पेंशन


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Paritosh Shahi

परितोष शाही डिजिटल माध्यम में पिछले 3 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. करियर की शुरुआत राजस्थान पत्रिका से की. अभी प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम में काम कर रहे हैं. देश और राज्य की राजनीति, सिनेमा और खेल (क्रिकेट) में रुचि रखते हैं.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >