Patna News (अजय कुमार): पटना के मसौढ़ी शहर से लेकर आसपास के गांवों तक आवारा कुत्तों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है. सुबह-शाम सड़क पर निकलना लोगों के लिए चुनौती बन गया है. सबसे अधिक परेशानी स्कूल जाने वाले बच्चों, बुजुर्गों और पैदल आने-जाने वाले लोगों को हो रही है. कई जगह कुत्तों के झुंड राहगीरों पर दौड़ पड़ते हैं, जिससे लोगों में भय का माहौल है.
बताया जाता है कि पिछले सप्ताह एक गाड़ी में भरकर दर्जनों आवारा कुत्तों को लाकर मसौढ़ी में छोड़ दिया गया है. इसके बाद इन कुत्तों ने नगर क्षेत्र समेत आसपास के इलाकों में आतंक फैला रखा है.
17 जुलाई से 31 जुलाई तक 312 लोगों को लगी वैक्सीन
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) मसौढ़ी के अनुसार 17 जुलाई से 31 जुलाई के बीच 16 दिनों में 312 लोगों को कुत्ते के काटने के बाद रेबीज रोधी वैक्सीन लगायी गयी. पीएचसी प्रभारी डॉ. रामानुजम ने बताया कि सामान्य दिनों में पूरे प्रखंड से हर महीने करीब 100 से 125 लोग ही वैक्सीन लेने आते हैं, लेकिन इस बार मामलों में अचानक बढ़ोतरी दर्ज की गयी है.
कुत्ता काटने पर तुरंत घाव धोने की सलाह
डॉ. रामानुज ने सलाह दी कि कुत्ता काटने पर घाव को तुरंत साबुन और साफ पानी से अच्छी तरह धोएं. इसके बाद बिना देर किये नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर रेबीज का टीका अवश्य लगवाएं.
आवारा कुत्तों को पकड़ने की मांग
इधर, स्थानीय लोगों ने नगर परिषद और अनुमंडल प्रशासन से आवारा कुत्तों को पकड़ने और उन्हें कहीं अन्यत्र वन विभाग के माध्यम से हटवाने की मांग की है. लोगों का कहना है कि यदि जल्द प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई, तो यह समस्या और गंभीर हो सकती है.
Also Read: पटना: राशन कार्ड अभियान का असर पालीगंज में दिखा, सरकार के लक्ष्य से 15 हजार ज्यादा आवेदन पहुंचे
