Judge Fraud Case : जज से करीबी संबंध होने का झांसा देकर 1.34 करोड़ रुपये की ठगी करने वाले गिरोह की जांच अब पटना तक पहुंच गयी है. मामले में पटना की रहने वाली खुशबू का नाम सामने आया है. उसकी तलाश में गाजियाबाद पुलिस जल्द पटना आयेगी. इस संबंध में गाजियाबाद पुलिस ने बिहार पुलिस से संपर्क किया है और खुशबू से जुड़े कुछ इनपुट भी साझा किये हैं. इन जानकारियों के आधार पर बिहार पुलिस की एटीएफ ने भी उसकी तलाश तेज कर दी है.
फेसबुक से संपर्क कर बनाया भरोसा
गाजियाबाद निवासी शीतल प्रसाद से पारिवारिक विवाद में न्यायालय से मदद दिलाने का भरोसा देकर साइबर बदमाशों ने 1.34 करोड़ रुपये की ठगी की थी. आरोपितों ने फेसबुक के माध्यम से शीतल प्रसाद से संपर्क किया था. उन्होंने खुद को पुजारी बताया और जज से अच्छे संबंध होने की बात कहकर पीड़ित का भरोसा जीतने की कोशिश की.
इसके बाद बदमाशों ने शीतल प्रसाद को उनके बेटे को जेल भिजवाने का डर दिखाया. इसी तरह अलग-अलग तरीके से उनसे रकम ली गयी. जब उन्हें ठगी का एहसास हुआ तो उन्होंने गाजियाबाद में मामला दर्ज कराया.
भवन निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता पर निगरानी की रेड, आय से अधिक संपत्ति मामले में पटना समेत 3 ठिकानों पर छापेमारी
चौबेपुर से एक आरोपित गिरफ्तार
मामले की जांच के दौरान गाजियाबाद पुलिस ने यूपी के चंदौली गांव निवासी एक शातिर आरोपित को चौबेपुर थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया. पूछताछ में आरोपित ने पुलिस को पटना की रहने वाली खुशबू के बारे में जानकारी दी. इसके बाद पुलिस ने उसकी भूमिका की जांच शुरू की.
पुलिस के अनुसार, खुशबू पर ठगी करने वाले गिरोह की मदद करने का आरोप है. जांच में यह भी जानकारी मिली है कि ठगी की रकम में से काफी पैसा उसके बैंक अकाउंट में मंगवाया गया था.
बिहार पुलिस ने शुरू की तलाश
गाजियाबाद पुलिस से मिले इनपुट के बाद बिहार पुलिस पटना में खुशबू की पहचान और उसके ठिकाने की जानकारी जुटा रही है. उसकी गिरफ्तारी के लिए भी कार्रवाई की जा रही है. पुलिस ठगी की रकम के लेन-देन और गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है.
