Patna Junction Mobile-Stealing Gang : पटना जंक्शन पर यात्रियों के मोबाइल चोरी करने वाले गिरोह के खिलाफ रेल पुलिस ने कार्रवाई की है. पुलिस ने उत्तर प्रदेश के चंदौली निवासी एक आरोपित समेत सात लोगों को गिरफ्तार किया है. सभी की गिरफ्तारी 12 सितंबर को प्लेटफॉर्म संख्या 4/5 के पश्चिमी छोर स्थित आरओबी के नीचे से की गयी.
आरोपितों के पास से सात स्क्रीनटच मोबाइल बरामद
रेल पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार सातों आरोपितों के पास से चोरी के सात स्क्रीनटच मोबाइल बरामद किए गए हैं. पुलिस ने बरामद मोबाइल को जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है.
लगातार मोबाइल चोरी की शिकायत के बाद बढ़ाई गई निगरानी
पटना जंक्शन पर यात्रियों के मोबाइल चोरी होने की लगातार शिकायतें पुलिस को मिल रही थीं. इसके बाद रेल पुलिस ने संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी बढ़ा दी थी. इसी दौरान आरओबी के नीचे सात संदिग्धों के मौजूद होने की सूचना मिली, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया.
तलाशी के दौरान मिले चोरी के मोबाइल
पुलिस के अनुसार, सातों आरोपित संदिग्ध अवस्था में आरओबी के नीचे मौजूद थे. पुलिस टीम ने उन्हें हिरासत में लेकर तलाशी ली. तलाशी के दौरान उनके पास से सात मोबाइल फोन बरामद हुए. पुलिस ने बरामद मोबाइल को चोरी का बताया है.
यूपी के चंदौली से लेकर पटना और गया तक के आरोपी
गिरफ्तार आरोपितों में उत्तर प्रदेश के चंदौली जिले का 29 वर्षीय दिनेश बार शामिल है. इसके अलावा पटना के दीघा निवासी 25 वर्षीय रमेश कुमार और 32 वर्षीय सनी कुमार, फतुहा निवासी 30 वर्षीय संजय कुमार, मनेर निवासी 22 वर्षीय विक्की कुमार, गया के गुरारू थाना क्षेत्र निवासी 23 वर्षीय मो. साबिर हुसैन और छपरा के मसरख थाना क्षेत्र निवासी 35 वर्षीय रवि सिंह को गिरफ्तार किया गया है.
रेल थाना पटना जंक्शन में केस दर्ज
मामले को लेकर रेल थाना पटना जंक्शन में कांड संख्या 515/26 दर्ज किया गया है. गिरफ्तार आरोपितों के खिलाफ बीएनएस की धारा 303(2), 317(2), 317(4), 317(5) और 112(2) के तहत कार्रवाई की गयी है.
श्यामलाल यादव कर रहे मामले की जांच
मामले की जांच सअनि श्यामलाल यादव कर रहे हैं. पुलिस बरामद मोबाइल फोन के संबंध में जानकारी जुटाने के साथ आरोपितों से पूछताछ कर रही है. जांच के दौरान मोबाइल चोरी की अन्य घटनाओं से इनके संबंधों की भी पड़ताल की जा रही है.
यात्रियों के मोबाइल चोरी पर रेल पुलिस की नजर
पटना जंक्शन पर यात्रियों की भीड़ के बीच मोबाइल चोरी की घटनाएं पुलिस के लिए चुनौती बनी रहती हैं. इस कार्रवाई के बाद रेल पुलिस की नजर ऐसे संदिग्ध लोगों और मोबाइल चोरी से जुड़े मामलों पर और बढ़ गई है.
Also Read : दानापुर में बाढ़ पीड़ितों के मददगार बने मंत्री के पुत्र, राहत शिविर में बांटी सामग्री
