Theft at a jewelry shop in Patna : पटना के फुलवारी शरीफ-खगौल मुख्य मार्ग पर सबजपुरा के पास स्थित अनमोल ज्वेलरी में बीती रात चोरों ने दुकान का ताला तोड़कर करीब चार लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवरात और नकदी चोरी कर ली. सुबह दुकान खोलने पहुंचे मालिक ने टूटा ताला और अंदर बिखरा सामान देखा तो उनके होश उड़ गये. प्रारंभिक आकलन में करीब चार लाख रुपये के आभूषण चोरी होने की बात सामने आयी है. हालांकि, दुकान में रखे सामान का पूरा मिलान होने के बाद ही वास्तविक नुकसान का पता चल सकेगा.
ताला तोड़कर दुकान में घुसे चोर
दुकानदार अनमोल वर्मा ने बताया कि वह रोज की तरह रात में दुकान बंद कर घर चले गये थे. सुबह दुकान पहुंचने पर बाहर का ताला टूटा हुआ मिला. शटर खोलकर अंदर जाने पर सामान इधर-उधर बिखरा पड़ा था. जांच करने पर सोने-चांदी के आभूषण और नकदी गायब मिली.
दुकानदार के अनुसार, चोरों ने दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे को भी तोड़ दिया और उसका डीवीआर अपने साथ ले गये. दुकान के पास कचरे के समीप टूटा हुआ ताला भी बरामद हुआ है.
आसपास के कैमरों की फुटेज खंगाल रही पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही फुलवारी शरीफ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है. पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि वारदात में कितने अपराधी शामिल थे और वे किस रास्ते से दुकान तक पहुंचे तथा घटना के बाद किस दिशा में फरार हुए.
एफएसएल टीम ने जुटाये साक्ष्य
घटना की वैज्ञानिक तरीके से जांच के लिए एफएसएल की टीम को भी बुलाया गया. टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जरूरी साक्ष्य जुटाये. पुलिस चोरी की घटना से जुड़े सभी संभावित सुरागों की जांच कर रही है.
गश्ती व्यवस्था को लेकर व्यापारियों में आक्रोश
ज्वेलरी दुकान में चोरी की घटना के बाद आसपास के दुकानदारों और व्यापारियों में दहशत का माहौल है. स्थानीय व्यापारियों ने रात के समय बाजार क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है. व्यापारियों का आरोप है कि रात में नियमित गश्ती नहीं होने के कारण असामाजिक तत्वों की गतिविधियां बढ़ रही हैं.
दुकानदारों ने पुलिस से ज्वेलरी दुकान में हुई चोरी का जल्द खुलासा करने और वारदात में शामिल अपराधियों को गिरफ्तार करने की मांग की है.
