पटना: MBBS परीक्षा विवाद के बाद IGIMS ने जारी किया नया प्रशासनिक आदेश, परीक्षा शाखा समेत कई विभाग में नई जिम्मेदारियां तय

राष्ट्रीय आयुर्विज्ञान आयोग (एनएमसी) के निर्देशों के बाद इंदिरा गांधी आयुर्विज्ञान संस्थान (आईजीआईएमएस) में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल हुआ है. परीक्षा, शोध, छात्र कल्याण और खेल समेत विभिन्न डीनरी में पदाधिकारियों की नई जिम्मेदारियां तय की गई हैं.

IGIMS News: राष्ट्रीय आयुर्विज्ञान आयोग (एनएमसी) द्वारा एमबीबीएस परीक्षा में कथित अनियमितताओं की जांच के निर्देश जारी होने के अगले ही दिन इंदिरा गांधी आयुर्विज्ञान संस्थान (आईजीआईएमएस) में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया है. संस्थान प्रशासन ने शुक्रवार को नया कार्यालय आदेश जारी करते हुए परीक्षा, शोध, छात्र कल्याण और खेल समेत विभिन्न डीनरी में पदाधिकारियों की नई जिम्मेदारियां तय की हैं. संस्थान ने स्पष्ट किया है कि यह आदेश पूर्व में जारी सभी आदेशों का स्थान लेगा.

परीक्षा शाखा में बरकरार रखी गई प्रमुख जिम्मेदारियां

नए आदेश के अनुसार प्रो. (डॉ.) नीरू गोयल को डीन (परीक्षा) के पद पर पूर्ववत बनाए रखा गया है. वहीं प्रो. (डॉ.) संजय कुमार सुमन कंट्रोलर ऑफ एग्जामिनेशन की जिम्मेदारी संभालते रहेंगे. परीक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए एसोसिएट डीन (परीक्षा) के रूप में प्रो. (डॉ.) अंजू सिंह, प्रो. (डॉ.) बिनोद कुमार और डॉ. सरिता कुमारी मिश्रा को भी पूर्ववत जिम्मेदारी दी गई है.

परीक्षा विवाद के बीच आया आदेश

यह प्रशासनिक बदलाव ऐसे समय में हुआ है जब एमबीबीएस पोस्ट फाइनल परीक्षा में कथित धांधली के मामले में एनएमसी ने बिहार सरकार के चिकित्सा शिक्षा निदेशालय को जांच कर रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया है. शिकायत में पेपर लीक, उत्तर पुस्तिकाओं में कथित हेरफेर, एसआईटी और विजिलेंस जांच की मांग तथा दोषियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने जैसे गंभीर आरोप लगाए गए हैं.

पहले भी रद्द हो चुकी है परीक्षा

उल्लेखनीय है कि इसी विवाद के बाद द्वितीय प्रोफेशनल एमबीबीएस सप्लीमेंट्री परीक्षा रद्द करनी पड़ी थी. तत्कालीन डीन (एकेडमिक) की अध्यक्षता में गठित आंतरिक जांच समिति ने प्रारंभिक स्तर पर अनियमितताओं की पुष्टि करते हुए पुलिस जांच की अनुशंसा की थी. हालांकि अब तक स्वतंत्र एजेंसी से जांच शुरू नहीं होने के कारण मामला लगातार चर्चा में बना हुआ है. एनएमसी के हस्तक्षेप और उसके बाद हुए प्रशासनिक फेरबदल ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं.

क्या केवल प्रशासनिक बदलाव या बढ़ते दबाव का असर?

संस्थान की ओर से इस फेरबदल को लेकर कोई आधिकारिक स्पष्टीकरण नहीं दिया गया है. ऐसे में यह चर्चा तेज है कि यह बदलाव केवल प्रशासनिक पुनर्संरचना है या फिर परीक्षा विवाद और जांच के बढ़ते दबाव का परिणाम.

किसे मिली कौन-सी जिम्मेदारी

डीन

  • प्रो. (डॉ.) ओम कुमार – डीन (एकेडमिक्स)
  • प्रो. (डॉ.) नीरू गोयल – डीन (परीक्षा)
  • प्रो. (डॉ.) विजयेन्द्र कुमार – डीन (रिसर्च)
  • प्रो. (डॉ.) अशोक कुमार – डीन (स्टूडेंट्स वेलफेयर)
  • प्रो. (डॉ.) राजेश कुमार सिंह – डीन (स्पोर्ट्स)

परीक्षा नियंत्रक

  • प्रो. (डॉ.) संजय कुमार सुमन – कंट्रोलर ऑफ एग्जामिनेशन

एसोसिएट डीन (एकेडमिक्स)

  • प्रो. (डॉ.) बिपिन कुमार
  • प्रो. (डॉ.) संतोष कुमार

एसोसिएट डीन (रिसर्च)

  • प्रो. (डॉ.) विनोद कुमार वर्मा
  • प्रो. (डॉ.) राकेश कुमार सिंह

एसोसिएट डीन (स्टूडेंट्स वेलफेयर)

  • प्रो. (डॉ.) नरेश कुमार
  • प्रो. (डॉ.) सुधीर कुमार

एसोसिएट डीन (स्पोर्ट्स)

  • प्रो. (डॉ.) नम्रता कुमारी
  • प्रो. (डॉ.) संजीव कुमार

एसोसिएट डीन (परीक्षा)

  • प्रो. (डॉ.) अंजू सिंह
  • प्रो. (डॉ.) बिनोद कुमार
  • डॉ. सरिता कुमारी मिश्रा


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Anand tiwary

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >