पटना होटल छेड़खानी मामले में SIT जांच की मांग, जन सुराज ने DGP से की सख्त कार्रवाई की अपील

Patna Hotel Case: पटना के एक होटल में छात्रा के साथ कथित छेड़खानी मामले को लेकर जन सुराज ने बिहार पुलिस मुख्यालय पर दबाव बढ़ा दिया है. पार्टी के प्रतिनिधिमंडल ने डीजीपी से मुलाकात कर SIT जांच, आरोपियों की गिरफ्तारी और पीड़ित परिवार को सुरक्षा देने की मांग की है.

Patna Hotel Case: पटना के एक होटल में छात्रा के साथ कथित छेड़खानी और सुरक्षा में लापरवाही के मामले ने अब राजनीतिक रंग ले लिया है. शुक्रवार को जन सुराज पार्टी का एक प्रतिनिधिमंडल बिहार के डीजीपी से मिला और मामले की निष्पक्ष जांच के लिए SIT गठित करने की मांग की. प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व जन सुराज के वरिष्ठ नेता और पूर्व विधायक किशोर कुमार मुन्ना तथा प्रदेश उपाध्यक्ष ललन यादव ने किया.

DGP ने दिया कार्रवाई का भरोसा

डीजीपी से मुलाकात के बाद किशोर कुमार मुन्ना ने मीडिया से बातचीत में कहा कि डीजीपी ने मामले की व्यक्तिगत निगरानी करने का आश्वासन दिया है. उन्होंने कहा कि किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा और जल्द से जल्द साक्ष्य जुटाकर कोर्ट में पेश किए जाएंगे. उन्होंने आरोप लगाया कि होटल मालिक की ओर से पीड़ित परिवार को धमकाने की कोशिश की जा रही है. इस मामले में भी तत्काल कार्रवाई की मांग की गई है.

जन सुराज ने रखीं पांच बड़ी मांगें

प्रतिनिधिमंडल ने डीजीपी के सामने पांच प्रमुख मांगें रखीं.

  1. SIT गठन और आरोपियों की गिरफ्तारी

मामले की निष्पक्ष और समयबद्ध जांच के लिए वरिष्ठ अधिकारियों की निगरानी में SIT गठित करने की मांग की गई. साथ ही घटना में शामिल आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की मांग उठाई गई.

  1. होटल प्रबंधन की भूमिका की जांच

जन सुराज ने होटल हिडेन विला के मालिक, प्रबंधक और कर्मचारियों की भूमिका की विस्तृत जांच की मांग की. यह जानने की बात कही गई कि आरोपी कमरे तक कैसे पहुंचा और सुरक्षा व्यवस्था में चूक क्यों हुई.

  1. होटल लाइसेंस रद्द करने की मांग

यदि जांच में होटल परिसर में अवैध या अनैतिक गतिविधियों की पुष्टि होती है तो होटल के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करते हुए उसका लाइसेंस रद्द करने की प्रक्रिया शुरू करने की मांग की गई.

  1. पीड़ित परिवार को सुरक्षा

प्रतिनिधिमंडल ने पीड़िता और उसके परिवार को तत्काल पुलिस सुरक्षा देने तथा धमकी देने वालों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की.

  1. राज्यभर के होटलों का सुरक्षा ऑडिट

पटना समेत पूरे बिहार के होटल, लॉज और गेस्ट हाउस का विशेष सुरक्षा ऑडिट कराने की मांग भी रखी गई, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं दोबारा न हों.

‘बेटियों के साथ अन्याय पर चुप नहीं बैठेगा जन सुराज’

किशोर कुमार मुन्ना ने कहा कि इस मामले में त्वरित और सख्त कार्रवाई जरूरी है. इससे न सिर्फ पीड़िता को न्याय मिलेगा, बल्कि महिलाओं और छात्राओं की सुरक्षा को लेकर लोगों का भरोसा भी मजबूत होगा. उन्होंने कहा कि बिहार में कहीं भी किसी बेटी के साथ अन्याय होगा तो जन सुराज चुप नहीं बैठेगा.

क्या है पूरा मामला?

जन सुराज के प्रदेश उपाध्यक्ष ललन यादव ने बताया कि बेगूसराय निवासी एक व्यक्ति अपनी बेटी को पॉलिटेक्निक परीक्षा दिलाने पटना आए थे. सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उन्होंने रूपसपुर थाना क्षेत्र स्थित होटल हिडेन विला में कमरा नंबर 103 लिया था.

आरोप है कि रात करीब 12:45 बजे एक अज्ञात युवक कमरे का दरवाजा खोलकर अंदर घुस आया और छात्रा के साथ छेड़खानी करते हुए उसे जबरन बाहर ले जाने की कोशिश की. इसी घटना को लेकर जन सुराज का प्रतिनिधिमंडल डीजीपी से मिला और सख्त कार्रवाई की मांग की.

Also Read: बिहार में साइबर ठगों की अब खैर नहीं, ऑनलाइन फ्रॉड रोकने के लिए पुलिस ने बनाई हाईटेक स्पेशल टीम

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Abhinandan pandey

भोपाल से शुरू हुई पत्रकारिता की यात्रा ने बंसल न्यूज (MP/CG) और दैनिक जागरण जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में अनुभव लेते हुए अब प्रभात खबर डिजिटल तक का मुकाम तय किया है. वर्तमान में पटना में कार्यरत हूं और बिहार की सामाजिक-राजनीतिक नब्ज को करीब से समझने का प्रयास कर रहा हूं. गौतम बुद्ध, चाणक्य और आर्यभट की धरती से होने का गर्व है. देश-विदेश की घटनाओं, बिहार की राजनीति, और किस्से-कहानियों में विशेष रुचि रखता हूं. डिजिटल मीडिया के नए ट्रेंड्स, टूल्स और नैरेटिव स्टाइल्स के साथ प्रयोग करना पसंद है.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >