Bihar Special Trains: गुजरात और बिहार के बीच यात्रा करने वालों के लिए अहमदाबाद और पटना के बीच एक जोड़ी नई स्पेशल ट्रेन चलाने की घोषणा की गई है. पूर्व मध्य रेल के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सरस्वती चन्द्र ने शुक्रवार को बताया कि यात्रियों की सुविधा को सबसे ऊपर रखते हुए विभिन्न रूटों पर पहले से चल रही स्पेशल ट्रेनों का विस्तार किया जा रहा है. इससे दिल्ली, बिहार, गुजरात और सीमांचल के हजारों यात्रियों को सीधी राहत मिलेगी.
आनंद विहार-लौकहा बाजार स्पेशल ट्रेन अब 18 अगस्त तक चलेगी
दिल्ली और मिथिलांचल के बीच सफर करने वाले यात्रियों के लिए गाड़ी संख्या 04014/04013 आनंद विहार-लौकहा बाजार-आनंद विहार स्पेशल ट्रेन के समय में विस्तार किया गया है. यह ट्रेन गोरखपुर, बगहा, नरकटियागंज, रक्सौल, सीतामढ़ी, सकरी और झंझारपुर के रास्ते चलती है.
गाड़ी संख्या 04014 आनंद विहार-लौकहा बाजार स्पेशल अब आगामी 13 अगस्त तक हर सोमवार और गुरुवार को दिल्ली से चलेगी. वापसी में गाड़ी संख्या 04013 लौकहा बाजार-आनंद विहार स्पेशल 18 अगस्त तक हर मंगलवार और शुक्रवार को बिहार से रवाना होगी. इस फैसले से उत्तर बिहार और दिल्ली के बीच आने-जाने वाले लोगों को कंफर्म सीट मिलने में आसानी होगी.
सहरसा-पूर्णिया कोर्ट ट्रेन की समय-सीमा बढ़ी
कोसी और सीमांचल क्षेत्र के लोगों के लिए गाड़ी संख्या 05506/05505 सहरसा-पूर्णिया कोर्ट-सहरसा स्पेशल ट्रेन की अवधि को आगे बढ़ा दिया गया है. यह महत्वपूर्ण ट्रेन दौरम मधेपुरा और बनमनखी के रास्ते अपना सफर तय करती है. रेलवे के नए शेड्यूल के अनुसार, गाड़ी संख्या 05506 सहरसा-पूर्णिया कोर्ट स्पेशल अब 31 जुलाई तक हर शुक्रवार और रविवार को चलाई जाएगी.
वापसी दिशा में गाड़ी संख्या 05505 पूर्णिया कोर्ट-सहरसा स्पेशल ट्रेन का संचालन 3 अगस्त तक प्रत्येक सोमवार और बुधवार को किया जाएगा. इस विस्तार से स्थानीय पैसेंजर्स को सफर करने में काफी सहूलियत मिलेगी.
रक्सौल-नरकटियागंज स्पेशल अब 26 सितंबर तक दौड़ेगी
रेलवे ने गाड़ी संख्या 05543/05544 रक्सौल-नरकटियागंज-रक्सौल स्पेशल ट्रेन को लंबे समय का विस्तार दिया है. अब यह स्पेशल ट्रेन आगामी 26 सितंबर तक पटरी पर दौड़ती रहेगी. यह ट्रेन दोनों दिशाओं से हर हफ्ते गुरुवार और शनिवार को चलाई जाएगी.
इस रूट पर रोजाना सफर करने वाले नौकरीपेशा और छोटे व्यापारियों की संख्या बहुत ज्यादा है, इसलिए इस ट्रेन की अवधि बढ़ने से नियमित यात्रियों को सबसे ज्यादा फायदा पहुंचने वाला है.
बिहार की ताजा खबरों के लिए क्लिक करें
अहमदाबाद-पटना के बीच चलेगी विशेष ट्रेन
त्योहारों और काम के सिलसिले में गुजरात में रहने वाले बिहार के लोगों के लिए रेलवे ने एक जोड़ी नई स्पेशल ट्रेन का एलान किया है. गाड़ी संख्या 09447 अहमदाबाद-पटना स्पेशल ट्रेन 22 जुलाई को अहमदाबाद से पटना के लिए रवाना होगी.
इसके बाद वापसी में गाड़ी संख्या 09448 पटना-अहमदाबाद स्पेशल ट्रेन 24 जुलाई को पटना स्टेशन से अहमदाबाद के लिए अपनी यात्रा शुरू करेगी. इस विशेष ट्रेन के चलने से गुजरात और बिहार के बीच सीधी कनेक्टिविटी मिलेगी और भारी भीड़ के दौरान यात्रियों को एक बेहतरीन विकल्प मिल जाएगा.
इसे भी पढ़ें: बिहार शिक्षक ट्रांसफर पॉलिसी लागू, इस तारीख से शुरू होगा आवेदन, तीन चरणों में पूरी होगी प्रक्रिया
