पटना में गणपति गेस्ट हाउस होगा सील, 4 महिलाओं समेत 6 जेल भेजे गये, संचालक फरार

Patna Ganpati Guest House : पटना के राजीवनगर में गणपति गेस्ट हाउस में देह व्यापार का बड़ा खुलासा हुआ है. पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चार महिलाओं समेत छह लोगों को गिरफ्तार किया है, जबकि गेस्ट हाउस संचालक फरार है. गेस्ट हाउस को सील करने की प्रक्रिया शुरू हो गई है.

Patna Ganpati Guest House : पटना के राजीवनगर थाना क्षेत्र के घुड़दौड़ रोड स्थित गणपति गेस्ट हाउस में कथित देह व्यापार के खुलासे के बाद पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है. रविवार को चार महिलाओं समेत छह आरोपितों को जेल भेज दिया गया. वहीं, पुलिस ने गेस्ट हाउस को सील करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है.

एसएसपी ने कहा- गेस्ट हाउस किया जाएगा सील

पटना एसएसपी कार्तिकेय के शर्मा ने बताया कि गणपति गेस्ट हाउस को सील किया जाएगा. इसके लिए प्रक्रिया शुरू कर दी गयी है. पुलिस अब गेस्ट हाउस के संचालक और फरार कर्मचारियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है.

मसाज सेंटर सर्च करने पर आया था फोन

जेल भेजे गये आरोपितों में छपरा निवासी और वर्तमान में दानापुर की संगम बिहार कॉलोनी में रहने वाला अमित कुमार भी शामिल है. पुलिस के अनुसार, पूछताछ में अमित ने बताया कि उसने मोबाइल पर मसाज सेंटर सर्च किया था. इसके बाद गणपति गेस्ट हाउस से उसके मोबाइल पर फोन आया. फोन आने के बाद वह गेस्ट हाउस पहुंचा था.

दूसरे आरोपित से भी पूछताछ

पुलिस ने मामले में पश्चिम चंपारण निवासी मनु कुमार को भी गिरफ्तार किया है. दोनों समेत चार महिलाओं को रविवार को जेल भेज दिया गया. पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गेस्ट हाउस में संदिग्ध गतिविधियां किस स्तर पर संचालित हो रही थीं और इसमें कौन-कौन लोग जुड़े थे.

पटना की खबरों को पढ़ने के लिए क्लिक करें

गुप्त सूचना पर गेस्ट हाउस में छापेमारी

पुलिस के अनुसार, शनिवार को गुप्त सूचना के आधार पर राजीवनगर थाना पुलिस और एसएसपी सेल की एसआईयू टीम ने गणपति गेस्ट हाउस में छापेमारी की थी. कार्रवाई के दौरान चार महिलाओं समेत छह लोगों को पकड़ा गया. पुलिस ने मौके से कंडोम समेत अन्य आपत्तिजनक सामान भी बरामद करने की बात कही है.

अलग-अलग राज्यों की रहने वाली हैं महिलाएं

पुलिस के अनुसार, पकड़ी गयी महिलाओं में दो उत्तर प्रदेश, एक पश्चिम बंगाल और एक झारखंड की रहने वाली हैं. पुलिस मामले में उनकी भूमिका और गेस्ट हाउस तक पहुंचने से जुड़े पहलुओं की जांच कर रही है. पकड़े गये लोगों में एक नाबालिग भी थी, जिसके मामले में कानून के अनुरूप अलग प्रक्रिया अपनायी जा रही है.

छह महीने से मिल रही थी शिकायत

पुलिस के मुताबिक, गेस्ट हाउस में संदिग्ध गतिविधियों को लेकर करीब छह महीने से शिकायतें मिल रही थीं. शिकायतों के बाद एसआईयू टीम करीब दो महीने से गेस्ट हाउस की गतिविधियों पर नजर रख रही थी. जांच और निगरानी के बाद पुलिस ने छापेमारी की कार्रवाई की.

पिछले दरवाजे से फरार हुए संचालक और कर्मचारी

छापेमारी की भनक लगते ही गेस्ट हाउस का संचालक और कुछ कर्मचारी पिछले दरवाजे से फरार हो गये. पुलिस अब उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है. जांच टीम को संदेह है कि पूरे मामले में गेस्ट हाउस से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका भी सामने आ सकती है.

मोबाइल और वैज्ञानिक साक्ष्यों से खुलेगा नेटवर्क

पुलिस अब जब्त मोबाइल फोन और अन्य वैज्ञानिक साक्ष्यों की जांच कर रही है. कॉल डिटेल, चैट और अन्य डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर गेस्ट हाउस से जुड़े नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने की कोशिश की जा रही है. पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद मामले में और लोगों की भूमिका स्पष्ट हो सकती है.

Also Read : पटना में छत से गिरकर राजमिस्त्री की मौत, पत्नी बोली- हथौड़ी से सिर पर वार कर की हत्या

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By आनंद सिंह कौशिक

आनंद सिंह कौशिक बीते 15 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. रेलवे, मेट्रो, इंफ्रास्ट्रक्चर से जुड़ी खबरों पर विशेष रिपोर्टिंग करते हैं. साथ में पटना समेत बिहार के अपराध और राजनीतिक खबरों में भी रुचि है.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >