पटना सिटी सदर अस्पताल में 100 बेड के नए मॉडल भवन का लोकार्पण, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने रिवर फ्रंट का भी किया उद्घाटन

patna hospital new building: पटना के श्री गुरु गोविंद सिंह सदर अस्पताल में 38 करोड़ की लागत से निर्मित 100 बेड के नए मॉडल भवन का लोकार्पण हुआ. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने की बात कही. इस नए भवन में 24 घंटे इमरजेंसी और आईसीयू की सुविधा उपलब्ध होगी.

patna hospital new building: श्री गुरु गोविंद सिंह सदर अस्पताल में करीब 38 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित 100 बेड के नए मॉडल भवन का बुधवार को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने लोकार्पण किया. इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है.

स्वास्थ्य मंत्री की अध्यक्षता में हुआ कार्यक्रम

लोकार्पण समारोह की अध्यक्षता स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने की. कार्यक्रम में विधायक रतनेश कुमार, महापौर सीता साहू, किसान आयोग के अध्यक्ष रूप नारायण मेहता, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे. अतिथियों का स्वागत स्वास्थ्य विभाग के सचिव कुमार रवि ने किया.

कई स्वास्थ्य योजनाओं का हुआ शुभारंभ

मुख्यमंत्री ने जिला औषधि भंडार गृह, जिला अस्पतालों में 105 नए आईसीयू बेड और 70 वेंटिलेटर युक्त गहन चिकित्सा इकाई, आपातकालीन सेवाओं तथा पीपीपी मॉडल के तहत निःशुल्क पैथोलॉजी सेवाओं का शुभारंभ किया. इसके अलावा राज्य के 25 अनुमंडलीय अस्पतालों में निःशुल्क डायलिसिस सेवा की भी शुरुआत की गई.

24 घंटे इमरजेंसी और आईसीयू सुविधा मिलेगी

लोकार्पण के बाद मुख्यमंत्री ने नए भवन का निरीक्षण किया और वहां उपलब्ध आधुनिक सुविधाओं का जायजा लिया. अस्पताल प्रशासन के अनुसार नए भवन में सातों दिन 24 घंटे इमरजेंसी और आईसीयू की सुविधा उपलब्ध रहेगी.

कई विभाग नए भवन में होंगे संचालित

अस्पताल अधीक्षक डॉ. सुधा शंकर राय ने बताया कि ऑब्स एंड गायनी, पीडियाट्रिक, इमरजेंसी, ऑर्थो और ऑपरेशन थिएटर सहित कई विभाग नए भवन में संचालित होंगे. इससे मरीजों को बेहतर और आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध होंगी.

पीपीपी मोड पर चलेगा डायलिसिस सेंटर

नए भवन में दो कमरों में कुल 14 बेड का डायलिसिस सेंटर स्थापित किया गया है, जिसे पीपीपी मोड पर संचालित किया जाएगा. आयुष्मान भारत योजना और राशन कार्डधारी मरीजों को निःशुल्क डायलिसिस सुविधा मिलेगी. अन्य मरीजों के लिए भारत सरकार द्वारा निर्धारित दरों के अनुसार शुल्क लिया जाएगा.

रिवर फ्रंट और घाट सौंदर्यीकरण का भी लोकार्पण

सदर अस्पताल पहुंचने से पहले मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भद्र घाट, महावीर घाट और नौजर घाट के बीच बुडको द्वारा कराए गए रिवर फ्रंट और सौंदर्यीकरण कार्य का लोकार्पण किया. करीब 46.26 करोड़ रुपये की लागत से विकसित इस परियोजना में स्नान घाट, वस्त्र परिवर्तन कक्ष और पैदल भ्रमण के लिए पाथवे का निर्माण किया गया है.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat khabar news desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >