नौबतपुर के होटल में खाना खाने के दौरान विवाद, युवक को दौड़ाकर मारी गोली, एम्स में भर्ती

Patna firing : पटना जिले के नौबतपुर में रॉक्स होटल में खाना खाने के दौरान दो युवकों पर बदमाशों ने हमला कर दिया. एक को गोली लगी, जबकि दूसरे को लाठी-डंडों से पीटा गया. दोनों की हालत गंभीर है.

Patna firing : पटना जिले के नौबतपुर थाना क्षेत्र स्थित मोतीपुर के रॉक्स होटल में रविवार रात खाना खाने के दौरान हुए विवाद में बदमाशों ने एक युवक को गोली मार दी. गोली लगने से युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि बीच-बचाव करने पहुंचे उसके साथी की भी लाठी-डंडों से पिटाई कर दी गई. दोनों घायलों का इलाज एम्स पटना में चल रहा है.

गोली लगने से युवक गंभीर घायल

घायल युवक की पहचान हदसपुरा गांव निवासी सुरेंद्र शर्मा के 37 वर्षीय पुत्र सुनील कुमार के रूप में हुई है. वहीं, उसके साथी अमित कुमार को भी आरोपियों ने लाठी-डंडों से पीटकर गंभीर रूप से घायल कर दिया. चिकित्सकों के अनुसार दोनों की हालत नाजुक बनी हुई है.

होटल में खाने के दौरान हुआ विवाद

सुनील कुमार के पिता द्वारा दर्ज कराई गई प्राथमिकी के अनुसार, सुनील और अमित रॉक्स होटल में खाना खा रहे थे. इसी दौरान नारायणपुर निवासी राकेश रंजन उर्फ मुन्ना वहां पहुंचा और होटल संचालक से कहा कि उसका "जानी दुश्मन" होटल के अंदर बैठा है. आरोप है कि मुन्ना के उकसाने पर अभिषेक उर्फ हैपी सिंह, अमन, गोलू समेत अन्य लोगों ने सुनील को घेर लिया.

जान बचाने के लिए भागा, पीछा कर बरसाईं गोलियां

प्राथमिकी के अनुसार, सुनील जान बचाने के लिए सड़क की ओर भागा, लेकिन आरोपियों ने उसका पीछा किया और उस पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी. इसी दौरान बीच-बचाव करने पहुंचे अमित कुमार की भी लाठी-डंडों से पिटाई कर दी गई.

नामजद आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज

नौबतपुर थाना पुलिस ने नामजद आरोपियों और होटल संचालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है. थानाध्यक्ष ने बताया कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है.

इसे भी पढ़ें: बिहार में शुरू हुई हेली-एयर टूरिज्म सेवा, पटना से राजगीर, वाल्मीकिनगर और कैमूर जाने पर मिलेगी सब्सिडी


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Sumit kumar

Published by: Nikhil Anurag

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >